Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

सस्ता हुआ 19 किलो का एलपीजी सिलेंडर, घरेलू उपभोक्ताओं को कोई राहत नहीं

72
Tour And Travels

नई दिल्ली, 01 जून (हि.स.)। सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने आज पेट्रोल और डीजल की कीमत में बढ़ोतरी की, तो 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 100 रुपये से अधिक की कटौती भी कर दी। राजधानी दिल्ली में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में प्रति सिलेंडर 122 रुपये की कमी की गई है। कीमत में की गई इस कटौती के बाद दिल्ली में 19 किलोग्राम का कॉमर्शियल सिलेंडर 1473.50 रुपये की कीमत पर मिलने लगा है।

इसके पहले मई के महीने में भी कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत में सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने प्रति सिलेंडर 45 रुपये की कटौती की थी। कीमत में की गई कटौती के बाद देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में कमर्शियल सिलेंडर के दाम घटकर 1422.50 रुपये हो गए हैं। कोलकाता में ये सिलेंडर 1667.50 रुपये और चेन्नई में 1603 रुपये की कीमत पर मिल रहे हैं। सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलो के कॉमर्शियल सिलेंडर में के दाम में तो जरूर कटौती की है, लेकिन घरेलू गैस सिलेंडर का इस्तेमाल करने वाले आम उपभोक्ताओं को कोई राहत नहीं दी गई है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में मई के बाद जून में भी कोई परिवर्तन नहीं हुआ है।

सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने इस साल घरेलू रसोई गैस का इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं पर लगातार महंगाई का बोझ डाला है। इस साल जनवरी में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 694 रुपये थी। फरवरी में इसकी कीमत में तीन बार बढ़ोतरी की गई। पहले इसका दाम बढ़ाकर 719 रुपये प्रति सिलेंडर किया गया। फिर दूसरी बढ़ोतरी में इसका दाम प्रति सिलेंडर 769 रुपये कर दिया गया। इसी तरह फरवरी में की गई तीसरी बार की बढ़ोतरी में इसका दाम 794 रुपये कर दिया गया।

14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में बढ़ोतरी का ये सिलसिला मार्च में भी जारी रहा। मार्च के महीने में घरेलू गैस सिलेंडर को महंगा करके 819 रुपये कर दिया गया। हालांकि अप्रैल में इसकी कीमत में कटौती जरूर की गई, लेकिन ये कटौती प्रति सिलेंडर सिर्फ 10 रुपये की थी। फिलहाल राजधानी दिल्ली में घरेलू गैस सिलेंडर 809 रुपये के भाव पर मिल रहा है।

उम्मीद की जा रही थी कि जून के महीने में गैस सिलेंडर के दाम में सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियां से राहत मिल सकती है। एलपीजी गैस के कॉमर्शियल उपभोक्ताओं को तो आज की कटौती के बाद निश्चित रूप से राहत मिल गई, लेकिन घरेलू उपभोक्ता एक बार फिर राहत का इंतजार करते रह गए।