Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

पाकिस्तानी अखबारों सेः ग्वादर पोर्ट के ऑपरेशनल होने की खबरें बनीं सुर्खियां

59
Tour And Travels

नई दिल्ली, 01 जून (हि.स.)। पाकिस्तान से मंगलवार को प्रकाशित अधिकांश समाचारपत्रों ने ग्वादर बंदरगाह के पूरी तरह से ऑपरेशनल होने की खबरें दी हैं। अखबारों ने लिखा है कि फ्री-जोन के 60 एकड़ एरिया में पहले फेज का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। 12 में से 6 फैक्ट्रियां बनकर तैयार हो चुकी हैं। अखबार ने बताया है कि फ्री-जोन और पोर्ट में 12 सौ लोगों को रोजगार मिल चुका है। अखबार का कहना है कि सीपैक अथॉरिटी ने जानकारी देते हुए कहा है कि अक्टूबर में दूसरे फेज के काम का उद्घाटन किया जाएगा। अखबारों का कहना है कि तीन अरब रुपये की विदेशी पूंजी निवेश यहां पर किए जाने का अंदाजा लगाया जा रहा है।

अखबारों ने प्रधानमंत्री इमरान खान के जरिए टेलीफोन पर अबू धाबी के प्रिंस और संयुक्त अरब अमीरात की सेना के उप सुप्रीम कमांडर शेख मोहम्मद बिन जायेद अल नहयान से बात किए जाने और दोनों देशों के बीच आपसी रिश्तों को और बेहतर बनाने पर बल दिए जाने की खबरें दी हैं। अखबारों ने तुर्की की संसद के स्पीकर मुस्तफा सीन तोप का एक बयान भी छापा है जिसमें उन्होंने कहा है कि जम्मू-कश्मीर की जनता के जरिए स्वतंत्रता प्राप्ति की हक की मांग से उन्हें रोका नहीं जा सकता है।

अखबारों ने पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी का भी एक बयान छापा है जिसमें उन्होंने कहा है कि पाकिस्तान हमेशा भारत समेत सभी पड़ोसी देशों के साथ अमन चाहता है। उनका कहना है कि हमारी बड़ी जिम्मेदारी है कि हम अपने पड़ोसी देशों के साथ अमन और शांति की फिजा को बरकरार रखें। अखबारों ने सेना अध्यक्ष जनरल कमर बाजवा का भी एक बयान छापा है जिसमें उन्होंने कहा है कि दक्षिण एशिया में लंबे अरसे तक शांति बहाली क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं को हल करने से ही मुमकिन है। यह सभी खबरें रोजनामा नवाएवक्त, रोजनामा औसाफ, रोजनामा खबरें, रोजनामा पाकिस्तान और रोज़नामा जंग ने अपने पहले पन्ने पर छापी हैं।

रोजनामा पाकिस्तान ने पाकिस्तान मुस्लिम लीग नवाज़ के अध्यक्ष शाहबाज शरीफ का एक बयान छसपा है जिसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि हुक्मरानों के दिन-प्रतिदिन करप्शन स्कैंडल सामने आएंगे तो रोटी रोजाना महंगी ही होगी। उनका कहना है कि आवाम भूखी और बेरोजगार है मगर सरकार को इनकी तकलीफ की कोई जानकारी नहीं है। ‘सब अच्छा है’ की रिपोर्ट दे रहे हैं। उनका कहना है कि सरकार को देश की आर्थिक स्थिति और जनता की कोई फिक्र नहीं है। जनता भूखी, बेरोजगार और परेशान हाल दर-दर की ठोकरें खा रही है और सरकार सब कुछ अच्छा होने का ढिंढोरा पीट रही है। संसद में महंगाई पर रिपोर्ट देकर पाकिस्तान की जनता का मजाक उड़ाया जा रहा है।

रोजनामा नवाएवक्त ने ‘मोदी ले डूबे भारत की जीडीपी, 40 साल में पहली बार – 7.3 प्रतिशत रह गई है’ की हेडिंग से खबर छापी है। अखबार ने लिखा है कि वित्त वर्ष 2020-21 के दौरान भारत का जीडीपी ग्रोथ रेट -7.3 प्रतिशत ही रह गया है। अखबार ने बताया कि 2019-20 में भारत की ग्रोथ रेट 4.2 प्रतिशत थी। अखबार ने बताया है कि पिछले चार दशकों में भारतीय अर्थव्यवस्था की यह सबसे नाजुक हालत है। इससे पहले भी 1989- 80 में भारत की ग्रोथ रेट -5.2 दर्ज की गई थी। अखबार का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गलत नीतियों और कोरोना वायरस से मची तबाही की वजह से यह नुकसान हुआ है। अखबार का कहना है कि सबसे ज्यादा नुकसान किसानों, कारोबारियों और देहातीदार तबके को उठाना पड़ा है।

रोजनामा खबरें ने क्वेटा तुरबत में आतंकवादी हमला होने की खबर देते हुए बताया है कि इस हमले में 4 जवान मारे गए हैं और जवाबी कार्रवाई में 5 आतंकवादी भी ढेर हुए हैं। जबकि दोनों तरफ के 8 लोगों के जख्मी होने की भी खबर है। अखबार ने बताया है कि आतंकवादियों ने जियारत एफबी चेक पोस्ट पर भी हमला किया है। इसके अलावा तुरबत में एक गाड़ी के बारूदी सुरंग से टकराने की वजह से उसमें सवार दो जवान जख्मी भी हुए हैं। अखबार ने बताया है कि पाकिस्तान में इस वक्त एक बार फिर से आतंकवादी गतिविधियों ने जोर पकड़ लिया है। सीमावर्ती क्षेत्रों में आतंकवादी हमले तेज हो गए हैं जिसकी वजह से चेक पोस्टों पर तैनात पुलिस और सेना के जवानों को आतंकवादियों के जरिए घात लगाकर किए जाने वाले हमलों से जानी नुकसान उठाना पड़ा रहा है।