Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

योगी सरकार के मंत्री ने उज्जैन पहुंचे, ‘महाकाल महाराज आपको महाकुंभ में आमंत्रित करने आए हैं’

38
Tour And Travels

उज्जैन
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में होने जा रहे महाकुंभ में आने के लिए योगी सरकार ने भगवान महाकाल को न्योता भेजा है। योगी सरकार के दो मंत्री महाकाल मंदिर पहुंचे तथा लेटर हेड पर भगवान महाकाल को निमंत्रण लिखकर पीले चावल के साथ भेंट किया। दोनों मंत्रियों ने लिखा- ‘महाराजाधिराज महाकाल महाराज हम आपको महाकुंभ में आमंत्रित करने के लिए उपस्थित हुए हैं। दिव्य कुंभ में आप विराजमान हो तथा महाकुंभ निर्विघ्न संपन्न हो ऐसी कृपा करना।’

माता हरसिद्धि, काल भैरव, मंगलनाथ को भी निमंत्रण
उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह तथा राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह शनिवार सुबह महाकाल मंदिर पहुंचे। उन्होंने नंदी मंडपम में बैठकर लेटर हेड पर भगवान महाकाल को निमंत्रण भेंट किया।
दोनों ने भगवान महाकाल को प्रयागराज महाकुंभ में पधारने के लिए निमंत्रण लिखा तथा पीले चावल भी रखे। साथ ही दोनों ने माता हरसिद्धि, काल भैरव, मंगलनाथ को भी निमंत्रण भेंट किया।
दोनों मंत्रियों ने भगवान नंदी जी के कान में भी महाकुंभ को सफलता प्रदान करने की प्रार्थना की। स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि प्रयागराज महाकुंभ में देश विदेश से करीब 40 करोड़ श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है।

भगवान महाकाल को ढाई लाख रुपये का छत्र भेंट
इस बीच,ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में शनिवार को मुंबई से आए भक्त ने भगवान महाकाल को 3 किलो 250 ग्राम चांदी का छत्र भेंट किया है। इसका बाजार मूल्य ढाई लाख रुपये से अधिक बताया जाता है। मंदिर प्रशासन की ओर से दानदाता का सम्मान किया गया।
 
मीडिया समन्वयक राजेंद्रसिंह सिसोदिया ने बताया मुंबई निवासी अक्षय शर्मा ने पुजारी राघव ओम पुजारी की प्रेरणा से भगवान महाकाल को सवा तीन किलो चांदी से निर्मित खूबसूरत छत्र भेंट किया है। छत्र पर सुंदर अक्षरों में भगवान महाकाल की स्तुति का अंकन है। दानदाता ने सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल को छत्र भेंट किया। सहायक प्रशासक ने दानदाता को दान की विधिवत रसीद प्रदान कर भगवान महाकाल की प्रसादी भेंट कर सम्मानित किया।