Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार की श्रीलंका यात्रा

176
Tour And Travels

नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार दिनांक 13 से 16 दिसंबर, 2022 तक श्रीलंका का दौरा करेंगे। नौसेना प्रमुख को नेवल एंड मेरीटाइम एकेडमी, त्रिंकोमाली में कमीशनिंग परेड के लिए मुख्य अतिथि और समीक्षा अधिकारी के रूप में दिनांक 15 दिसंबर, 2022 को आमंत्रित किया गया है।

इस यात्रा के दौरान नौसेना प्रमुख श्रीलंका के वरिष्ठ राजनीतिक एवं रक्षा नेतृत्व के साथ बातचीत करेंगे। वह श्रीलंका सशस्त्र बलों के अन्य रक्षा प्रतिष्ठानों का भी दौरा करेंगे और विभिन्न द्विपक्षीय रक्षा सहयोग गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा करेंगे।

भारतीय नौसेना वार्षिक स्टाफ वार्ता के माध्यम से नियमित रूप से श्रीलंका नौसेना के साथ बातचीत करती है और नियमित रूप से अनेक सैन्य अभियानगत गतिविधियों का संचालन करती है। भारतीय नौसेना श्रीलंकाई नौसेना की क्षमता में वृद्धि संबंधी कदमों में भी साथ देती है जैसे कि स्वदेशी रूप से निर्मित अपतटीय गश्ती पोत (ओपीवी) एवं अगस्त 2022 से श्रीलंका में तैनात भारतीय नौसेना के डोर्नियर विमान जैसे नौसेना प्लेटफार्मों की तैनाती भी शामिल हैं। इसके अलावा भारतीय नौसेना भारत में श्रीलंका नौसेना कर्मियों के प्रशिक्षण सहित विभिन्न क्षमता वृद्धि परियोजनाओं में सक्रिय रूप से लगी हुई है। श्रीलंकाई नौसेना भारतीय नौसेना द्वारा आयोजित विभिन्न बहुपक्षीय कार्यक्रमों में एक नियमित भागीदार है, जैसे कि मिलन, गोवा मैरीटाइम कॉन्क्लेव, एडमिरल कप सेलिंग रेगाटा इत्यादि।

आगामी यात्रा श्रीलंका के साथ विशेष रूप से समुद्री क्षेत्र में लंबे समय से चले आ रहे द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को और आगे बढ़ाएगी।

ph20221212143901 Hindi News Website