Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

घाटशिला सीट से उनके बेटे बाबूलाल सोरेन को भाजपा से टिकट दिलाने की भी चर्चा जोरों पर

92
Tour And Travels

रांची
राजनीतिक गलियारे में यह अटकलें लगाई जा रही है कि जल संसाधन विभाग और उच्च शिक्षा विभाग के मंत्री चंपई सोरेन भाजपा में शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा घाटशिला सीट से उनके बेटे बाबूलाल सोरेन को भाजपा से टिकट दिलाने की भी चर्चा जोरों पर है।

इसी बीच चंपई सोरेन ने अपना जवाब दिया है। पत्रकारों द्वारा बीजेपी में शामिल होने को लेकर पूछे गए सवाल पर चंपई सोरेन ने कहा कि आप लोग ऐसा सवाल क्यों कर रहे हैं? हम इसपर क्या बोले? हम तो आपके सामने हैं। हालांकि चंपई सोरेन ने भाजपा में शामिल होने की अटकलों को सिरे से खारिज नहीं किया। वहीं, सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक चंपई सोरेन पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा से उनकी दो दौर की बातचीत भी हो गई है और गृह मंत्री अमित शाह से उनकी मुलाकात होने की चर्चा बताई जा रही है।

बता दें कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सरायकेला स्थित भगवान बिरसा मुंडा स्टेडियम से मंत्री चंपई सोरेन ने अपने संबोधन के दौरान एक बार भी हेमंत सोरेन का जिक्र नहीं किया और न ही इस दौरान चंपई सोरेन ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने सिर्फ अपने मुख्यमंत्रित्व कार्यकाल की उपलब्धियों का बखान किया जिसके बाद राजनीतिक गलियारे में अटकलें तेज हो गई हैं। वहीं, इससे पहले जब चंपई सोरेन सीएम के पद पर थे तो वह हमेशा अपने संबोधन में हेमंत सोरेन का जिक्र किया करते थे और भाजपा पर भी हमला बोलते थे।

गौरतलब है कि चंपई सोरेन फरवरी 2024 में झारखंड के मुख्यमंत्री बने थे। हेमंत सोरेन के गिरफ्तार होने के बाद पार्टी ने उन्हें राज्य की कमान सौंपी थी, लेकिन जब हेमंत सोरेन बाहर आए तो जुलाई महीने में चंपई सोरेन को मुख्यमंत्री पद छोड़ना पड़ा और हेमंत सोरेन ने फिर से सीएम पद संभाला। पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने 3 जुलाई को सीएम पद से इस्तीफा दिया था। वहीं, हेमंत सोरेन ने 1 दिन बाद ही यानी 4 जुलाई को सीएम पद की शपथ ले ली थी।