Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

ऐसे खाद्य पदार्थों से दूरी बनाने की जरूरत है जो जलवायु परिवर्तन की समस्या को बढ़ाते हैं- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

वर्ल्ड फूड इंडिया 2023 के समापन सत्र में शामिल हुई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

124
Tour And Travels

नई दिल्ली,6नवंबर। राष्ट्रपति  मुर्मु की रविवार को नई दिल्ली में आयोजित वर्ल्ड फूड इंडिया (डब्ल्यूएफआई) 2023 के समापन सत्र में गरिमायी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर राष्ट्रपति ने वर्ल्ड फूड इंडिया के दूसरे संस्करण के आयोजन के लिए खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय की सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्ल्ड फूड इंडिया को भारत की समृद्ध खाद्य संस्कृति से विश्‍व को परिचित कराने के लिए लंबा रास्‍ता तय करना है। यह इस क्षेत्र के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों के लिए एक शानदार मंच सिद्ध होगा, जिससे इस क्षेत्र को बड़े घरेलू और वैश्विक दिग्‍गजों के साथ बेहतर ढंग से जुड़ने में मदद मिलेगी।

राष्ट्रपति ने कहा कि वर्ल्ड फूड इंडिया में भारत को विश्‍व का खाद्य आपूर्तिकर्ता बनाने में सहायता प्रदान करने की क्षमता है। यह आयोजन कृषि और खाद्य वस्तुओं के लिए एक सोर्सिंग केंद्र के रूप में भारत की क्षमता का प्रदर्शन करने वाला आदर्श मंच है। उन्होंने यह विश्वास व्यक्त किया कि निवेशक समुदाय को हमारे खाद्य प्रसंस्करण और संबद्ध क्षेत्रों में व्‍यापक अवसर उपलब्‍ध होंगे।