Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

सुप्रीमो लालू यादव ने महाकुंभ को फालतू करार दिया, भगदड़ में 18 लोगों की मौत के लिए रेलवे के कुप्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया

45
Tour And Travels

पटना

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार देर रात हुई भगदड़ की घटना पर देश के पूर्व रेल मंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने तीखा बयान दिया है। उन्होंने इस हादसे को रेलवे का कुप्रबंधन बताया और साथ ही कुंभ को फालतू करार दे दिया। लालू प्रसाद के इस बयान ने विवाद को जन्म दिया है। लालू प्रसाद यादव ने इस हादसे पर दुख जताते हुए कहा, “यह घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं इस हादसे में मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।" लेकिन इसके बाद उन्होंने कुंभ पर सवाल उठाते हुए कहा, “कुंभ का क्या मतलब है? फालतू है कुंभ।" उनका यह बयान अचानक सुर्खियों में आ गया और उन्होंने इस घटना के लिए रेलवे के कुप्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया। उनके अनुसार, रेल मंत्री को इस हादसे की जिम्मेदारी लेनी चाहिए।

नई दिल्ली स्टेशन पर भगदड़ का कारण
शनिवार रात को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर प्रयागराज जाने वाली ट्रेन के लिए भारी भीड़ इकट्ठा हो गई, जिस वजह से भगदड़ मच गई। स्टेशन पर प्लेटफॉर्म संख्या 14 और 15 पर यात्रियों की भीड़ उमड़ी और इससे हालात बेकाबू हो गए। पुलिस उपायुक्त (रेलवे) ने बताया कि प्रयागराज एक्सप्रेस ट्रेन प्लेटफार्म संख्या 14 पर खड़ी थी और वहां पहले से ही भीड़ थी। इसके अलावा स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस और भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों की देरी भी समस्या का कारण बनी। इन ट्रेनों के यात्री भी स्टेशन पर मौजूद थे, जिससे भीड़ और बढ़ गई।

लालू यादव ने दिल्ली रेलवे स्टेशन की भगदड़ को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि हम मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। उन्होंने इस हादसे के लिए सीधे तौर पर रेलवे को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि यह रेलवे का कुप्रबंधन है जिसके कारण इतने सारे लोगों की जान चली गई। यह रेलवे की विफलता है, रेलवे की गलती है और रेलवे की लापरवाही की वजह से इतने लोगों की मौत हुई है। हमें इसका अफसोस है।

कुंभ का क्या मतलब है
वहीं, प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ मेले में उमड़ रही भीड़ को लेकर जब लालू यादव से सवाल किया गया, तो उन्होंने बेहद तल्ख़ अंदाज़ में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कुंभ का क्या मतलब है, फालतू है कुंभ। यह बयान आते ही राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया। आरजेडी प्रमुख के बयान पर जेडीयू प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा कि लालू यादव हादसे पर राजनीति कर रहे हैं।

144 साल बाद दुर्लभ संयोग
इस साल महाकुंभ में 144 साल बाद दुर्लभ संयोग बना है। इस वजह से देश भर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कुंभ में स्नान करने आ रहे हैं। इसके चलते मेला क्षेत्र के साथ-साथ रेलवे स्टेशनों पर भी भारी भीड़ देखी जा रही है। शनिवार की रात दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ में 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। इससे पहले 29 जनवरी को प्रयागराज में कुंभ मेले के दौरान भी भगदड़ मच गई थी, जिसमें 30 लोगों की जान चली गई थी।