Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

शिवसेना के संस्थापक बाल ठाकरे की 12वीं पुण्यतिथि पर उद्धव-शिंदे समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

62
Tour And Travels

मुंबई.

शिवसेना के संस्थापक बाल ठाकरे को उनकी 12वीं पुण्यतिथि पर तमाम नेताओं ने श्रद्धांजलि दी। इसमें महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और विभिन्न राजनीतिक दलों के कई नेता शामिल थे। शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे और उनकी पत्नी रश्मि ठाकरे ने मुंबई के शिवाजी पार्क में अपने पिता की समाधि पर जाकर पुष्पांजलि अर्पित की।

शिवसेना के दोनों प्रतिद्वंद्वी गुटों के कई सदस्यों ने भी बाल ठाकरे के सम्मान में स्मारक का दौरा किया। शिवसेना के संस्थापक का लंबी बीमारी के बाद 17 नवंबर, 2012 को मुंबई में उनके आवास 'मातोश्री' में निधन हो गया था। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, एनसीपी (सपा) प्रमुख शरद पवार, मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ और शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे ने रविवार को एक्स पर श्रद्धांजलि दी। पवार ने कहा, 'शिवसेना पार्टी के संस्थापक, व्यंग्यकार और राजनेता दिवंगत बालासाहेब ठाकरे को नमन, जिन्होंने मराठी लोगों के साथ अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़ी।' गायकवाड़ ने कहा कि बालासाहेब ठाकरे ने मराठी लोगों पर राज किया और जीवन भर मराठी लोगों के न्याय और अधिकारों के लिए लड़ते रहे। वरिष्ठ भाजपा नेता फडणवीस ने अपने संदेश में कहा, 'हिंदूहृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे को उनके स्मृति दिवस पर विनम्र श्रद्धांजलि।' शिंदे की ओर से पार्टी नेतृत्व के खिलाफ विद्रोह के बाद 2022 में शिवसेना दोफाड़ हो गई। इसके बाद उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महा विकास अघाड़ी (एमवीए) सरकार गिर गई। फिर शिंदे ने सरकार बनाने के लिए भाजपा से हाथ मिला लिया। बाद में चुनाव आयोग ने शिंदे के नेतृत्व वाले गुट को 'असली' शिवसेना के रूप में मान्यता दी।