Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

संजय राउत तो 8 तारीख से ही लगातार नतीजों को लेकर कर रहे टिप्पणी, 5,8 और 48 वाला गजब संयोग

33
Tour And Travels

चंडीगढ़
दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों से आम आदमी पार्टी को झटका लगा है तो वहीं देश के अन्य हिस्सों में भी विपक्षी दल इससे हैरान हैं। उद्धव ठाकरे सेना के नेता संजय राउत तो 8 तारीख से ही लगातार नतीजों को लेकर टिप्पणी कर रहे हैं। अब उन्होंने दिल्ली चुनाव में एक अलग और मजेदार संयोग खोज निकाला है। उन्होंने दिल्ली के इलेक्शन रिजल्ट में 5,8 और 48 वाला संयोग खोजते हुए सवाल उठाया है। इसके अलावा उन्होंने इसे हरियाणा से भी जोड़ा है। संजय राउत ने एक्स पर लिखा, ''हरियाणा में वोटिंग। 5 तारीख को गिनती 8 तारीख को भाजपा को सीट आई 48। दिल्ली में भी वोटिंग- 5 तारीख को गिनती 8 तारीख को भाजपा को सीट आई वही 48। गजब संयोग है!'

संजय राउत ने यह संयोग गिनाते हुए कोई टिप्पणी तो नहीं की, लेकिन उन्होंने इशारा जरूर किया। इससे पहले संजय राउत ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद ईवीएम पर सवाल उठाया था। उनका कहना था कि भाजपा को हर चुनाव में ईवीएम के चलते जीत मिल रही है और अब चुनाव व्यवस्था में बदलाव करने की जरूरत है। उनका कहना था कि यदि बैलेट पेपर से इलेक्शन कराया जाए तो भाजपा कहीं भी जीत नहीं पाएगी।

इसी तरह दिल्ली में अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी ने ईवीएम पर तो नहीं, लेकिन चुनाव आयोग पर सवाल उठाए थे। इलेक्शन के दौरान अरविंद केजरीवाल ने सीधे मुख्य चुनाव आयुक्त पर हमला किया था। उनका कहना था कि राजीव कुमार आखिर केंद्र सरकार से रिटायरमेंट के बाद क्या पद चाहते हैं, जिसके लिए वह इस तरह से चुनाव आयोग का संचालन कर रहे हैं। केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि फर्जी वोटर जोड़े गए हैं, जबकि उन मतदाताओं के नाम ही हटा दिए गए हैं, जो आम आदमी पार्टी के समर्थक हैं।