Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

प्रदेश में 21 एवं 22 अगस्त को सभी विश्वविद्यालय, महाविद्यालय एवं स्कूलों में राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे

46
Tour And Travels

भोपाल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में 21 एवं 22 अगस्त को सभी विश्वविद्यालय, महाविद्यालय एवं स्कूलों में राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23 अगस्त को चंद्रमा की सतह पर भारत के उतरने की ऐतिहासिक घटना को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की है। राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर प्रदेश के विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और स्कूलों में अंतरिक्ष विज्ञान पर केन्द्रित व्याख्यान, संगोष्ठी, प्रदर्शनी, साइंस क्विज, मॉडल मेकिंग, पेंटिंग, विशेषज्ञ व्याख्यान और फिल्म प्रदर्शन का आयोजन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, भोपाल तथा आईआईटी इंदौर द्वारा विश्वविद्यालयीन, महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं के लिए अंतरिक्ष विज्ञान पर केन्द्रित हैकाथॉन का आयोजन किया जाएगा। हैकाथॉन में विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत करने के साथ ही उनके नवाचार को आगे बढ़ाने में सहयोग किया जाएगा। हैकाथॉन में भाग लेने के लिए आईआईटी इंदौर और मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद की वेबसाइट पर 18 अगस्त से रजिस्ट्रेशन प्रारंभ होंगे। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा विभाग द्वारा प्रत्येक संभाग में चयनित किसी एक विश्वविद्यालय, महाविद्यालय में अंतरिक्ष विषय पर वैज्ञानिक-विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

विगत वर्ष 23 अगस्त 2023 को चंद्रमा की सतह पर विक्रम लैंडर के अवतरण और प्रज्ञान रोवर के परिनियोजन से चंद्रयान-3 की सफलता के साथ भारत चंद्रमा पर उतरने वाला चौथा देश बन गया है। इसके साथ हमारा देश चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के समीप उतरने वाला पहला देश बनकर अंतरिक्ष अग्रणी राष्ट्रों के विशिष्ट समूह में शामिल हो गया है। इस ऐतिहासिक मिशन के परिणाम से आने वाले वर्षों में मानव जाति को लाभ होगा।