Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

प्रतुल शाहदेव ने विधि-व्यवस्था की गिरती स्थिति पर जताई गहरी चिंता, झारखंड में अपराधिक गिरोह चलाने वालो पर राज्य सरकार कसे नकेल

26
Tour And Travels

रांची

झारखंड में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने विधि-व्यवस्था की गिरती स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए राज्य सरकार से मांग की है कि वह विदेश में बैठकर झारखंड में आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे अपराधियों पर नकेल कसे।

शाह ने कहा कि हाल के दिन में झारखंड के 6 – 7 जिले, जहां कोयला का प्रोडक्शन और ट्रांसपोर्टेशन होता है, वहां अपराधिक घटनाओं में लगातार वृद्धि हुई है। लेवी और एक्सटॉर्शन के चलते विदेश में बैठे अपराधी झारखंड में अपने गुर्गों से घटनाओं को अंजाम देकर दहशत पैदा करते हैं। शाह ने कहा कि हजारीबाग में 2 वर्ष पूर्व भी कोयला से जुड़ी एक कंपनी के जी एम की हत्या कर दी गई थी। अब एनटीपीसी के डीजीएम की हत्या हुई। रांची के भीड़ भाड़ वाले इलाके में कोयला व्यापारी पर हमला होता है। उसके अतिरिक्त अपराधी अलग जिलों में कोयला साइडिंग पर लगातार गोली चला कर दहशत फैला रहे हैं।

प्रतुल ने कहा आज के दिन में संगठित अपराध पुलिस के लिए झारखंड में नक्सलवाद की तरह बड़ी समस्या बन गई है। संगठित आपराधिक गिरोह झारखंड में लगातार पैर फैला रहे हैं। अब यह नक्सलवाद की तरह पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बनते जा रहे हैं। प्रतुल ने कहा कि आलम ये है कि कई जिलों में कोयला कंपनी से जुड़े अधिकारी बुलेट प्रूफ वाहनों से सफर करते हैं।

अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि वह घटना को अंजाम देने के बाद फेसबुक पर लिखकर घटना की जिम्मेवारी लेकर भविष्य के लिए चेतावनी भी देते हैं। उन्होंने कहा कि अगर राज्य सरकार एक सुनियोजित प्लान के तहत संगठित गिरोह का खात्मा नहीं करेगी तो झारखंड की स्थिति भयावह हो जाएगी। प्रतुल ने कहा कि झारखंड पुलिस की वेबसाइट के अनुसार अबुआ सरकार के पहले महीने में ही 5207 संज्ञेय अपराध हुए जो की चिंता का विषय है।