Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

शतरंज ओलंपियाड में मिली ऐतिहासिक जीत पर पीएम मोदी ने खिलाड़ियों को सराहा, आनंद ने भी दी बधाई

42
Tour And Travels

नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शतरंज ओलंपियाड में स्वर्ण पदक जीतने पर पुरुष और महिला शतरंज टीमों को बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह उल्लेखनीय उपलब्धि भारत के लिए खेलों में नए अध्याय का प्रतीक है। भारत ने रविवार को इतिहास रचते हुए पुरुष और महिला टीम वर्ग में खिताब जीते थे। यह पहली बार था जब भारतीय टीम ने इस टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।

भारत ने रचा था इतिहास
भारत के पुरुष और महिला शतरंज खिलाड़ियों ने इतिहास रचते हुए 45वें शतरंज ओलंपियाड में विजेता बनने का गौरव हासिल कर लिया था। शतरंज ओलंपियाड के 97 साल के इतिहास में पहली बार भारतीय बेटों और बेटियों ने स्वर्ण जीता है। पुरुष टीम ने 11वें और अंतिम दौर में स्लोवेनिया को 3.5-0.5 से हराया और महिला टीम ने अजरबैजान को इसी अंतर से हराया। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, भारत के लिए ऐतिहासिक जीत। हमारे दल ने 45वां फिड शतरंज ओलंपियाड जीता। भारत ने शतरंज ओलंपियाड में ओपन और महिला वर्ग दोनों में स्वर्ण पदक अपने नाम किए। महिला और पुरुष शतरंज टीमों को बधाई। यह उल्लेखनीय उपलब्धि भारत के लिए खेलों में नए अध्याय का प्रतीक है। यह सफलता शतरंज की आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगी।

विश्वनाथन आनंद भी टीम की सफलता से हुए खुश
दिग्गज खिलाड़ी और पांच बार के विश्व चैंपियन विश्वनाथन आनंद ने भी शतरंज ओलंपियाड में पहली बार स्वर्ण पदक जीतने वाली भारत की पुरुष और महिला टीमों को बधाई देते हुए इसे हैरतअंगेज खेल का नतीजा बताया। आनंद ने एक्स पर लिखा, भारतीय पुरुष टीम को ओलंपियाड में एक दौर शेष रहते हुए जीत दर्ज करने पर बधाई। ऐतिहासिक प्रदर्शन। निश्चित तौर पर हैरतअंगेज खेल। डी गुकेश और अर्जुन एरिगेसी को व्यक्तिगत सफलता के लिए बधाई। भारतीय महिला टीम को भी बधाई। पूरी टीम और कप्तान अभिजीत कुंटे ने शानदार परिणाम हासिल किया। विशेष रूप से दिव्या देशमुख और वंतिका अग्रवाल को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई।

टूर्नामेंट में अजेय रही भारतीय पुरुष टीम
डी गुकेश, अर्जुन एरिगेसी, आर प्रज्ञानंद, विदित गुजराती और पी हरिकृष्णा की पुरुष टीम पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही और कुल 22 में से 21 अंक हासिल किए। पुरुषों में अमेरिका ने रजत और उज्बेकिस्तान ने कांस्य जीता। डी हरिका, आर वैशाली, दिव्या देशमुख, वंतिका अग्रवाल और तानिया सचदेव की महिला टीम ने 19 अंक हासिल किए। कजाकिस्तान को रजत और अमेरिका को कांस्य मिला भारतीय खिलाड़ियों का व्यक्तिगत प्रदर्शन भी शानदार रहा। इससे पहले 2014 और 2022 में भारतीय पुरुष टीम ने कांस्य और महिलाओं ने 2022 में कांस्य पदक जीता था।