Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

नौसेना प्रमुख एडमिरल आर. हरि कुमार का नगालैंड दौरा

180
Tour And Travels

नौसेना प्रमुख एडमिरल आर. हरि कुमार ने 7 दिसंबर, 2022 को नगालैंड का दौरा किया। उनका यह दौरा ऐसे समय में हुआ, जब पूर्वोत्तर में संपर्क बढ़ाने के लिये भारतीय नौसेना गतिविधियां चला रही है। दौरे के समय नौसेना प्रमुख ने नगालैंड के मुख्यमंत्री श्री नेफियू रियो से मुलाकात की और कोहिमा से 121 किलोमीटर की दूरी पर स्थित नगा हेरिटेज विलेज में हॉर्नबिल उत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने पूर्व नौसैनिकों से बातचीत भी की। नौसेना प्रमुख ने हॉर्नबिल उत्सव में 3500 किलोमीटर का सफर तय करने वाले भारतीय नौसेना मोटरसाइकिल अभियान को भी झंडी दिखाकर रवाना किया। राज्य की अपनी यात्रा के दौरान नौसेना प्रमुख ने असम राइफल्स (उत्तरी) के महानिरीक्षक मे.जन. विकास लखेड़ा से भी भेंट की और असम राइफल्स (उत्तरी) के मुख्यालय में कर्मियों से बातचीत की।

हॉर्नबिल उत्सव में भारतीय नौसेना की पहली भागीदारी

पूर्वोत्तर में भारतीय नौसेना के संपर्क कार्यक्रम के अंग के रूप में हॉर्नबिल उत्सव में एक विशाल स्टॉल लगाया गया है। स्टॉल का लक्ष्य है स्थानीय युवाओं को भारतीय नौसेना के बारे में जानकारी देना, राष्ट्रीय सुरक्षा में उसके योगदान और अधिकारियों व नौसैनिकों के रूप में रोजगार के विभिन्न अवसरों के बारे में बताना।

उत्सव के पहले पांच दिनों में, स्टॉल पर 4,500 से अधिक लोगों ने संपर्क किया। राज्य सरकार, मुख्य सचिव, उद्योग व वाणिज्य आयुक्त और अनेक राज्य सरकारी अफसरों ने भी स्टॉल का अवलोकन किया। स्टॉल के एक हिस्से को ऑडियो-विजुअल कक्ष में परिवर्तित कर दिया गया है, जहां भारतीय नौसेना के बारे में फिल्में दिखाई जा रही हैं। वर्चुअल रियलिटी हेडसेट्स भी उपलब्ध हैं, जो दर्शकों को प्रत्यक्ष अनुभव कराते हैं। दर्शकों को आभास होता है कि जैसे वे किसी पोत (आईएनएस कोलकाता) और वायुयान वाहक पोत (आईएनएस विक्रमादित्य) पर उपस्थित हों। दर्शकों में ये हेड्सेट्स बहुत लोकप्रिय हो रहे हैं। भारतीय नौसेना के प्रतिनिधियों ने दो दिसंबर, 2022 को नगालैंड स्टार्ट-अप्स तथा नगालैंड उद्योग और वाणिज्य के सरकारी अधिकारियों के साथ बातचीत की।

आयोजन स्थल पर कुछ दिलचस्प उत्पादों को भी प्रदर्शित किया गया है। उनमें कृत्रिम बौद्धिकता और साइबर सुरक्षा के लिये नवोन्मेषी समाधान शामिल हैं। इसके अतिरिक्त उद्योग/स्टार्ट-अप्स के साथ बातचीत करने के लिये स्वदेशीकरण डेस्क भी लगाई गई है। उत्सव में अपनी कला का प्रदर्शन करने वाले भारतीय नौसेना बैंड ने भी भरपूर लोकप्रियता अर्जित की है।