Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

सलमान खान के घर पर फायरिंग मामले में मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया 5वां आरोपी ; रेकी में की थी मदद

152
Tour And Travels

मुंबई, 7 मई। सलमान खान के बांद्रा स्थित आवास पर फायरिंग मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने मंगलवार को 5वीं गिरफ्तारी की. न्यूज एजेंसी ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, मामले के पांचवें आरोपी को पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार किया. पांचवें आरोपी की पहचान मोहम्मद चौधरी के रूप में हुई है. जांच के अनुसार, मोहम्मद चौधरी ने रविवार 14 अप्रैल को गैलेक्सी अपार्टमेंट में गोलीबारी की घटना को अंजाम देने के आरोप में पकड़े गए दो शूटरों की मदद की.

आरोपियों को मुहैया कराये थे पैसे
चौधरी ने कथित तौर पर दोनों शूटरों को क्राइम स्पॉट की रेकी करने में मदद की और उन्हें पैसे मुहैया कराये. मुंबई क्राइम ब्रांच ने एक बयान में कहा, ‘चौधरी को आज (7 मई) मुंबई लाया जा रहा है. उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा और हिरासत की मांग की जाएगी.’ चौधरी की गिरफ्तारी मुंबई के बांद्रा इलाके में हुई गोलीबारी की घटना की चल रही जांच के बीच हुई है.

14 अप्रैल को हुई थी गोलीबारी
मालूम हो कि बीते 14 अप्रैल को बाइक पर सवार दो हमलावरों ने सलमान खान के घर गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर गोलीबारी की. घटनास्थल से भागने से पहले दोनों ने खान के अपार्टमेंट की ओर गोलियां भी चलाईं. दोनों शूटरों को पुलिस ने पकड़ लिया और लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से इनके कनेक्शन का खुलासा हुआ.

थापन के की खुदकुशी
मामले में शामिल हथियार आपूर्तिकर्ताओं में से एक अनुज थापन की मौत के बाद मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया. थापन 1 मई को अपने कक्ष में मृत पाया गया था. कथित तौर पर थापन ने खुदकुशी की थी. मुंबई पुलिस ने खुलासा किया कि थापन ने हिरासत के दौरान अपनी जान लेने का प्रयास किया था और अस्पताल ले जाने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया था.