Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

मंत्रालयीन अधिकारी-कर्मचारी मांगों के लिए चरणबद्ध आंदोलन कर रहे हैं, अब करेंगे सुंदरकांड का पाठ

29
Tour And Travels

भोपाल
पदोन्नति और चौथा समयमान वेतनमान देने और केंद्रीय कर्मचारियों की तरह 25 वर्ष की सेवा पूरी होने पर पूरी पेंशन की पात्रता की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे मंत्रालय के कर्मचारी अब सुंदरकांड का पाठ करेंगे। मंत्रालयीन अधिकारी कर्मचारी संघ ने चार मार्च को सुंदरकांड का पाठ और प्रसादी वितरण का कार्यक्रम मंत्रालय स्थित मंदिर प्रांगण में तय किया है।
 
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले कर्मचारियों ने पदोन्नति के पदों को सीधी भर्ती के माध्यम से भरने जाने की तैयारी को लेकर मंत्रालय में नारेबाजी करके विरोध दर्ज कराया था। मंत्रालयीन अधिकारी-कर्मचारी विभिन्न मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन कर रहे हैं। संघ के अध्यक्ष सुधीर नायक का कहना है कि छोटे-छोटे कार्यालयों के कर्मचारियों को चौथा समयमान दिया जा चुका है। लेकिन मंत्रालय के कर्मचारी इससे वंचित हैं। जबकि, सामान्य प्रशासन विभाग के दिशानिर्देश सभी विभागों में लागू होते हैं।

सरकार ने पदोन्नति नियम निरस्त होने के बाद समयमान के साथ उच्च पदनाम देकर समस्या का हल निकाला था लेकिन मंत्रालय में ही इसे लागू नहीं किया गया। इसी तरह भारत सरकार अपने कर्मचारियों को 25 वर्ष की सेवा के बाद पूरी पेंशन की पात्रता दे रही है जबकि प्रदेश में 33 वर्ष बाद पूरी पेंशन मिलती है। इस नियम में संशोधन की मांग भी की गई है। इनकी पूर्ति के लिए अब मंत्रालय परिसर में सुंदरकांड का पाठ किया जाएगा। इसके बाद भी यदि सरकार कदम नहीं उठाती है तो आंदोलन तेज किया जाएगा।