Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

मशहूर संगीतकार जोड़ी राम-लक्ष्मण के लक्ष्मण का दिल का दौरा पड़ने से निधन

73
Tour And Travels

दिग्गज संगीतकार विजय पाटिल उर्फ़ लक्षमण का शनिवार की सुबह दिल को दौरा पड़ने से निधन हो गया। रिपोर्ट्स के अनुसार वह कोरोना संक्रमित नहीं थे, उन्होंने हाल ही में कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज ली थी। उसके बाद से वह बीमार चल रहे थे। शनिवार की सुबह अचानक उन्हें दिल का दौरा पड़ा और वह इस दुनिया को अलविदा कह गए। उनके निधन से मनोरंजन जगत में शोक की लहर है। दिग्गज गायिका लता मंगेशकर ने संगीतकार विजय पाटिल के निधन पर शोक व्यक्त किया है और उन्हें सोशल मीडिया के जरिये श्रंद्धाजलि दी है। लता मंगेशकर ने लिखा-‘अभी पता चला है कि बहुत गुणी और लोकप्रिय संगीतकार राम लक्ष्मण जी (विजय पाटिल) का स्वर्गवास हुआ है। वह बहुत अच्छे इंसान थे। मैंने उनके कई गाने गाये जो काफी लोकप्रिय हुए। मैं उनको विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं।’
विजय पाटिल पहले रामलक्ष्मण के लक्ष्मण के नाम से मशहूर थे। उनसे साथ राम की जोड़ी थी और हिंदी सिनेमा जगत में राम-लक्ष्मण मिलकर संगीत देते थे। हालांकि, अचानक राम का निधन हो गया था। इसके बाद विजय पाटिल ने अपना पूरा नाम ही रामलक्ष्मण रख लिया और इस नाम से उन्होंने कई हिट गाने दिए।

रामलक्ष्मण ने करीब 150 फिल्मों में संगीत दिया था जिसमें हिंदी के अलावा मराठी और भोजपुरी भी शामिल है। मराठी फिल्ममेकर और अभिनेता दादा कोंडके ने उन्हें अपनी फिल्म ‘पांडु हवलदार’ के लिए बतौर संगीतकार साइन किया था। इसके बाद रामलक्ष्मण ने सूरज बड़जात्या की कई फिल्मों में कई हिट गाने कम्पोज किये, जिसमें ‘मैंने प्यार किया’, ‘हम आपके हैं कौन ‘ और ‘हम साथ साथ हैं’ भी शामिल हैं। इन फिल्मों के सारे गाने आज भी दर्शकों के बीच काफी पसंद किये जाते हैं । इसके अलावा उन्होंने ‘एजेंट विनोद’, ‘तराना’ और ‘अनमोल’ जैसी फिल्मों में भी संगीत दिया था। विजय पाटिल उर्फ़ राम-लक्ष्मण का निधन म्यूजिक इंडस्ट्री की अपूरणीय क्षति है।