Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

कुम्भ ड्यूटी से लौट रहे कार्मिकों का होगा आरटीपीसीआर टेस्ट : डीएम

45
Tour And Travels

उत्तरकाशी, 15 अप्रैल (हि.स.)। कोरोना महामारी के प्रभावी नियंत्रण व रोकथाम को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने समस्त उप जिलाधिकारियों व प्रभारी चिकित्साधिकारियों की जरूरी बैठक ली। जिलाधिकारी ने कहा कि कुम्भ ड्यूटी में गए जनपद के कार्मिक वापस लौट रहें है, इसलिए कोरोना वायरस संक्रमण के प्रभावी नियंत्रण व रोकथाम के दृष्टिगत जनपद की सीमा नगुण व डामटा बेरियर में सभी कार्मिकों का अनिवार्य रूप से आरटीपीसीआर टेस्ट कराना सुनिश्चित करें। कुंभ ड्यूटी में पुलिस के 35 जवान, होमगार्ड के 150 जवान, पीआरडी के 329 जवान सहित पीएसी प्लाटून व डॉक्टर्स हैं। यह भी सुनिश्चित कराया जाए कि जब तक कोविड टेस्ट रिपोर्ट नहीं आ जाती है तब तक सभी कार्मिक होम आइसोलेट में रहें। यदि कोई भी सरकारी कार्मिक कोविड-19 के नियमों का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

इसके अलावा जिलाधिकारी ने कोविड-19 कंट्रोल रूम में स्थापित दूरभाष नम्बरों को नियमित चालू रखने, कोविड सैम्पलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। जिला चिकित्सालय में आने वाले मरीजों का भी अनिवार्य रूप से कोविड टेस्ट कराने के निर्देश दिए। पुरोला में होम आइसोलेशन में रखे व्यक्ति को पल्स ऑक्सीमीटर व आवश्यक जांच नहीं करने पर डॉ पंकज व एसीएमओ पुरोला डॉ आरसी आर्य का अप्रैल माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि कोविड-19 को लेकर लापरवाही कतई भी बर्दाश्त नही की जाएगी। इस हेतु सभी कार्मिक पूर्ण जिम्मेदारी व गम्भीरता के साथ कार्य करना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कोरोना पॉजिटिव मरीज से किसी भी प्रकार का कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। नगर क्षेत्र व बाजारों में अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दें। इसके लिए वाहन के माध्यम से एलॉसमेन्ट करवाएं तथा लोगों को सामाजिक दूरी, मास्क पहनने व बार -बार हाथ को सेनिटाइज करने हेतु जागरूक करने के निर्देश दिए। नगर पालिका क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई व सेनिटाइज करने के निर्देश दिए। भीड़ भाड़ वाली जगह, दुकान, बैंक के आगे सामाजिक दूरी का पालन सुनिश्चित करवाने के लिए उचित दूरी पर गोले बनाने को कहा।

उन्होंने कहा कि आजकल शादियों का सीजन है। इसलिए गाइडलाइन के अनुसार कुल 200 लोगों को ही शादी में शामिल होने की अनुमति है। ज्यादा होने पर शादी आयोजित करवाने वाले का चालान करने के निर्देश उप जिलाधिकारियों को दिए। जिलाधिकारी ने सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों को वैक्सीनेशन बढ़ाने पर जोर देने को कहा। 25 अप्रैल तक सभी विकास खंडों के एमओआईसी को 90 प्रतिशत का लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में वैक्सीन की कमी नहीं है। वर्तमान में 12280 डोज हैं तथा हर दो दिन में वैक्सीन की आपूर्ति हो रही है।