Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

कानपुर : पनकी ऑक्सीजन प्लांट में रिफिलिंग के दौरन सिलेंडर फटा, मजदूर की मौत

62
Tour And Travels

कानपुर, 30 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर पनकी ऑक्सीजन प्लांट में शुक्रवार को सिलेंडर रिफिलिंग के दौरान सिलेंडर फट गया। इसकी चपेट में आकर एक श्रमिक की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हैं। इन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि प्लांट में काम शुरू कराने का प्रयास हो रहा है। फैक्ट्री मालिक की ओर से इसकी सूचना जिला प्रशासन को दे दी गई है।

एसीपी गोविंद नगर सर्किल ने बताया कि दादानगर इंडस्ट्रियल एरिया में पनकी ऑक्सीजन प्लांट में सी-13 प्लांट से ऑक्सीजन को फुटकर व अस्पतालों को सप्लाई की जाती है। कोरोना महामारी के दौरान यह प्लांट अभी 24 घंटे चल रहा है।

शुक्रवार सुबह चार बजे मर्दनपुर निवासी मजदूर मुराद अली सिलिंडर रिफिल कर रहा था, उसी दौरान अचानक एक सिलेंडर फट गया। उसकी चपेट में आकर मुराद की मौत हो गई। जबकि पास में मौजूद किदवई नगर स्थित रॉयल चिल्ड्रेन हॉस्पिटल में ऑक्सीजन मैनजमेंट का काम देखने वाले रमईपुर निवासी हरिओम गौतम समेत एक अन्य मजदूर घायल हो गया।

आनन-फानन में दोनों घायलों को रॉयल चिल्ड्रेन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां हालत नाजुक होने से हरिओम को आईसीयू में शिफ्ट किया गया, जबकि एक मजदूर को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। हादसे के बाबत प्लांट मालिक ने कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया।

घटना की जानकारी पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात नायाब तहसीलदार और पुलिस के अधिकारी कुछ देर बाद प्लांट पहुंचे और मामले की तहकीकात की।

एसीपी ने बताया कि पनकी गैस प्लांट में किदवई नगर निवासी एक युवक अस्पताल का गैस सिलेंडर भरवाने के लिए कोई आया था। रिफलिंग के दौरान सिलेंडर कमजोर होने की वजह से फट गया। हादसे में एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि दूसरे का इलाज चल रहा है।