Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

ISIS इंडिया का हेड हैरिस फारूकी साथी समेत गिरफ्तार, सीमा पार करते ही असम STF ने दबोचा

111
Tour And Travels

नई दिल्ली, 21 मार्च। एनआईए (NIA) के इनपुट पर असम एसटीएफ (STF) ने बुधवार को इस्लामिक स्टेट इन इराक एंड सीरिया (ISIS) इंडिया के प्रमुख हैरिस फारूकी को गिरफ्तार किया है. साथ ही उसके सहायक को भी बांग्लादेश से सीमा पार कर असम के धुबरी में पहुंचने पर दबोचा गया है.

असम पुलिस के प्रमुख जनसंपर्क अधिकारी प्रणवज्योति गोस्वामी ने बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने दोनों को धर्मशाला क्षेत्र से पकड़ा है और बाद में उन्हें गुवाहाटी में एसटीएफ कार्यालय लाया.

हैरिस फारूकी और उसका साथी गिरफ्तार
उन्होंने कहा, ‘उन दोनों की पहचान पक्की है और यह पाया गया है कि आरोपी हैरिस फारूकी उर्फ हैरिस अजमल फारूकी (देहरादून के चकराता का निवासी) भारत में आईएसआईएस का प्रमुख है.’ उन्होंने कहा कि उसका साथी और पानीपत निवासी अनुराग सिंह उर्फ रेहान इस्लाम अपना चुका है और उसकी पत्नी बांग्लादेशी नागरिक है.

भारत में ISIS के मकसद को आगे बढ़ाया
बयान में कहा गया है, ‘दोनों के मन में कट्टरपंथ भरा पड़ा है और वे भारत में आईएसआईएस के उत्साही नेता/सदस्य हैं. उन्होंने भर्ती, आतंक के वित्त पोषण तथा भारत में विभिन्न स्थानों पर आईईडी के मार्फत आतंकी हरकतों को अंजाम देने की साजिश के जरिए भारत में आईएसआईएस के मकसद को आगे बढ़ाया है.’

दोनों के खिलाफ कई मामले लंबित
पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों के खिलाफ एनआईए, दिल्ली, एटीएस और लखनऊ एवं अन्य स्थानों पर कई मामले लंबित हैं. उन्होंने कहा, ‘असम का एसटीएफ इन आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई के वास्ते उन्हें एनआईए को सौंप देगा.’