Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

भारत विश्व की प्राचीनतम सभ्यताओं में से एक : राज्य मंत्री लोधी

30
Tour And Travels

राष्ट्र के विकास में पर्यटन की महत्वपूर्ण भूमिका
प्राकृतिक, ऐतिहासिक, पुरातात्विक, सांस्कृतिक और धार्मिक दृष्टि से समृद्धशाली मध्यप्रदेश

भोपाल
पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने कहा कि राष्ट्र के विकास और प्रगति में पर्यटन महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाता है। हमारे महान देश का पर्यटन की दृष्टि से दुनिया में एक महत्त्वपूर्ण स्थान है। हमारा देश सांस्कृतिक, ऐतिहासिक, प्राकृतिक और पुरातात्विक दृष्टि से समृद्ध है। राज्य मंत्री श्री लोधी बर्सिलोना स्पेन में पर्यटन के रोड-शो कार्यक्रम में टूर ऑपरेटर, ट्रेवल एजेंट्स, पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों को संबोधित कर रहे थे। राज्य मंत्री श्री लोधी ने कहा कि मैं भारत के मध्य में स्थित प्रांत देश के हृदय प्रदेश 'मध्यप्रदेश' से हूँ।

राज्य मंत्री श्री लोधी ने कहा कि जिस तरह हृदय सम्पूर्ण शरीर में ऊर्जा का प्रवाह करता है, उसी तरह भारत की आध्यात्मिक और दार्शनिक संस्कृति का मार्ग भी मध्यप्रदेश से होकर गुज़रता है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में पर्यटन के क्षेत्र में हमारा देश और प्रदेश निरंतर उच्च मापदंडों को स्पर्श कर रहा है। भारत विश्व की प्राचीनतम सभ्यताओं में से एक है। हमारी संस्कृति दुनिया की एक मात्र संस्कृति है, जो "वसुधैव कुटुंबकम्" की बात करती है, सम्पूर्ण विश्व को अपना परिवार मानती है।

राज्य मंत्री श्री लोधी ने कहा कि हमारी संस्कृति न केवल मानव जाति के कल्याण की, अपितु बल्कि सम्पूर्ण जगत के कल्याण की बात करती है। हमने आज भी अपने सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और दार्शनिक मूल्यों को न केवल अक्षुण रखा है, बल्कि उसे सम्पूर्ण विश्व में प्रसारित भी किया है। मंत्री श्री लोधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार वैश्विक शांति और सहयोग की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया में सबसे तेज प्रगति करने वाला देश है। भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया की पाँचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। राज्य मंत्री श्री लोधी ने स्पेन के नागरिकों को मध्यप्रदेश आने के लिए आमंत्रित किया।