Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

2004 में चलवाई थी मैंने गोली, सपा विधायक तूफानी सरोज का ऑडियो वायरल

35
Tour And Travels

जौनपुर
यूपी के जौनपुर की केराकत विधानसभा से विधायक और तीन बार के सांसद तूफानी सरोज ने तैश में आकर ऐसी बात बोल दी, जो समाजवादी पार्टी के लिए गले की फांस बन सकती है। तूफानी सरोज का एक ऑडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वो बोल रहे हैं कि साल 2004 में उन्होंने गोली चलवाई थी। अपने मान-सम्मान के लिए उन्हें गोली चलवानी पड़ी थी।

दरअसल, सोशल मीडिया पर कमेंटबाजी को लेकर सपा विधायक तूफानी सरोज और ब्लॉक अध्यक्ष विवेक यादव के बीच कई दिनों से तलवार खिंची हुई है। दावा है कि इसी को लेकर तूफानी सरोज ने विवेक यादव को फोन किया था। फोन पर बातचीत के दौरान ही दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। विवेक यादव ने तूफानी सरोज से कहा कि उनके समर्थक सोशल मीडिया पर अनर्गल पोस्ट करते रहते हैं, जो निंदनीय है। इस पर तूफानी सरोज ने कहा कि जो पोस्ट कर रहे हैं, आप उनसे समझिए, उनका इससे कोई लेना-देना नहीं है।
फोन पर ही भिड़ गए दो सपाई

सोशल मीडिया पर कमेंट को लेकर छिड़ी जुबानी जंग के दौरान ही दोनों तैश में आ गए। इसी बीच तूफानी सरोज ने विवेक यादव से कहा कि वह उनकी दुकान पर चढ़ आएंगे। विवेक यादव ने भी इसका जवाब उन्हीं की भाषा में दिया। तूफानी सरोज ने यह भी कहा कि मान-सम्मान के लिए 2004 में वे गोली तक चलवा चुके हैं। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों सपाजनों ने फोन कॉल पर एक-दूसरे को देख लेने की धमकी भी दे डाली।

तूफानी सरोज के बयान पर राजनीति तेज

अपने ही नेता विवेक यादव से बातचीत के दौरान तैश में आकर गोली चलवाने वाली बात बोलने वाले तूफानी सरोज को लेकर अब राजनीति भी गरम हो रही है। विपक्षी दल तूफानी सरोज के इस बयान पर हमलावर हो रहे हैं। यह भी चुटकी ले रहे हैं कि सपा में हमेशा जंगल राज ही रहा है। उनके विधायक, सांसद अपने रसूख के लिए गोली चलवाने से भी नहीं चूकते थे।
वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं

सपा विधायक तूफानी सरोज और सपा के ही ब्लॉक अध्यक्ष विवेक यादव के बीच वायरल हो रही यह गरमा-गरम ऑडियो अभी अपुष्ट है। ना ही तूफानी सरोज ने और ना ही विवेक यादव ने इसकी पुष्टि की है। हालांकि, ये ऑडियो विवेक यादव के समर्थकों द्वारा ही वायरल किया जा रहा है।