Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

गुरमीत राम रहीम आज डेरा सच्चा सौदा मुख्यालय से उत्तरप्रदेश के बागपत के बरनावा आश्रम के लिए रवाना हुए

42
Tour And Travels

सिरसा
डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम शनिवार को सिरसा डेरा सच्चा सौदा मुख्यालय से उत्तरप्रदेश के बागपत के बरनावा आश्रम के लिए रवाना हो गए। वे दोपहर करीब अढ़ाई बजे डेरा मुख्यालय से निकले। डेरा सच्चा सौदा से बाजेकां होते हुए हिसार रोड के जरिए सडक़ मार्ग से यू.पी. के बरनावा आश्रम के लिए रवाना हुए थे। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह इन्साँ की पैरोल अवधि के दस दिन का समय 7 फरवरी वीरवार को पूरा हो गई थी। एक दिन का समय सफर के लिए अतिरिक्त रहता है। वैसे डेरा प्रमुख की ओर से 5 दिन और सिरसा में रहने के लिए अर्जी लगाई थी।

28 जनवरी को मिली 30 दिन की पैरोल
दरअसल डेरा प्रमुख को 28 जनवरी को 30 दिन की पैरोल मिली थी। सशर्त मिली इस पैरोल में डेरा प्रमुख को 10 दिन सिरसा डेरा सच्चा सौदा मुख्यालय रहने की अनुमति दी गई जबकि शेष 20 दिन उत्तर प्रदेश के बागपत जिला में स्थित डेरा सच्चा सौदा आश्रम में रुकने के आदेश दिए गए थे। डेरा प्रमुख 12वीं बार पैरोल पर बाहर आए हैं। डेरा सच्चा सौदा का मुख्यालय सिरसा जिला में है। ऐसे में समय-समय पर डेरा प्रमुख सिरसा आने के लिए अर्जी लगाते रहे हैं। हालांकि इससे पहले 11 बार मिली सशर्त पैरोल के दौरान वे बरनावा आश्रम में ही रुकते रहे हैं। जब पहली बार वे 28 जनवरी को सिरसा आए तो इसके बाद डेरा अनुयायियों में उत्साह और जोश नजर आया। हालांकि स्वयं डेरा प्रमुख ने ही डेरा अनुयायियों से डेरा मुख्यालय में आने से मना करते हुए उन्हें घर में सत्संग प्रवचन सुनने की अपील की थी। फिर भी हर रोज बाहर से डेरा प्रेमियों के सिरसा आने का सिलसिला जारी रहा।

जानिए कब-कब राम रहीम पैरोल पर
डेरा प्रमुख को सबसे पहले 24 अक्टूबर 2020 को अपनी बीमार मां से मिलने के लिए एक दिन की पैरोल दी गई थी। 12 मई 2021 को उनकी तबीयत बिगडऩे पर पी.जी.आई. रोहतक ले जाया गया। 17 मई 2021 को बीमार मां से मिलने के लिए उन्हें फिर से पैरोल दी गई। 3 जून 2021 को तबीयत बिगडऩे पर फिर से पी.जी.आई. रोहतक ले जाया गया और 6 जून 2021 को गुरुग्राम के मेदांता में दाखिल करवाया गया। साध्वी यौन शोषण मामले में रोहतक सुनारिया जेल में सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा के चीफ राम रहीम को पहली बार 21 दिन के लिए 7 फरवरी 2022 को फरलो मिली थी। इसके बाद 17 जून 2022 को 30 दिन के लिए पैरोल मिली बाद में अक्टूबर 2022 में राम रहीम को फिर से 40 दिन की पैरोल दी गई थी। इन 40 दिनों में राम रहीम ने गीत भी गाए वीडियो भी बनाए और सत्संग भी किए थे। इसी तरह से 21 जनवरी 2023 को 40 दिन के लिए, 20 जुलाई 2023 को 30 दिन के लिए, नवंबर 2023 में 29 दिन के लिए, 19 जनवरी 2024 को 60 दिन के लिए, 12 अगस्त 2024 को 21 दिन के लिए एवं 1 अक्टूबर 2024 को 21 दिन के लिए पैरोल मिली थी। दरअसल डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह इन्सां को साध्वी यौन शोषण मामले में 25 अगस्त 2017 को दोषी करार देते हुए 28 अगस्त 2017 को सजा सुनाई गई थी। इसके कुछ समय बाद उन्हें छत्रपति हत्याकांड और रणजीत हत्याकांड में भी सजा सुनाई गई थी।

इसी तरह से जनवरी 2019 में डेरा प्रमुख को सिरसा के पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या के मामले में भी सजा सुनाई गई थी। इसके बाद 18 अक्टूबर 2021 को सी.बी.आई. की विशेष अदालत की ओर से रणजीत सिंह हत्याकांड में राम रहीम सहित चार आरोपियों को दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। हालांकि इस मामले में बाद में हाईकोर्ट ने उन्हें बरी कर दिया था।