Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

‘विकसित भारत’ के निर्माण में युवाओं का उत्साह और प्रतिबद्धता महत्वपूर्ण : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

63
Tour And Travels

रांची

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय दौरे पर झारखंड में हैं। बीते दिन झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने रांची पहुंचने पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का स्वागत किया था। इसके तहत राष्ट्रपति मुर्मू ने आज बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान, मेसरा (बीआईटी-मेसरा) के प्लेटिनम जुबली समारोह में हिस्सा लिया। यहां उन्होंने कहा कि बीआईटी मेसरा ने 70 साल पूरे कर लिए हैं। इसकी समृद्ध विरासत पर गर्व है। केंद्र सरकार उच्च शिक्षा में एआई को एकीकृत करने के लिए कदम उठा रही है। बीआईटी मेसरा संबंधित पाठ्यक्रम शुरू करके इस दिशा में आगे है।

उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत’ के निर्माण में युवाओं का उत्साह और प्रतिबद्धता महत्वपूर्ण साबित होगी। हमारी बेटियां विज्ञान, इंजीनियरिंग, प्रौद्योगिकी, गणित में पीछे नहीं हैं। नवोन्मेषकों, उद्यमियों को पारंपरिक समुदायों के ज्ञान के आधार की अनदेखी नहीं करनी चाहिए।

राष्ट्रपति मुर्मू ने बीआईटी मेसरा के ‘प्लेटिनम’ जयंती समारोह को संबोधित करते हुए कहा, 'एआई एवं मशीन लर्निंग में दूरगामी प्रगति की अपेक्षा के साथ भविष्य में बड़े बदलाव होंगे। भारत सरकार उच्च शिक्षा में एआई को एकीकृत करने के लिए कदम उठा रही है। प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में पैदा किए जा रहे अवसरों को हाशिए पर पड़े समुदायों को भी उपलब्ध कराया जाना चाहिए और किए जा रहे बड़े परिवर्तन का लाभ सभी को मिलना चाहिए।'

हालांकि, उन्होंने नवोन्मेषकों और उद्यमियों को पारंपरिक समुदायों के ज्ञान आधार को नजरअंदाज न करने के लिए आगाह करते हुए कहा कि अक्सर समस्याओं को बड़े तकनीकी हस्तक्षेप की आवश्यकता नहीं होती। इस दौरान राष्ट्रपति ने विज्ञान, प्रौद्योगिकी, नवोन्मेष और उद्यमिता को प्रदर्शित करने वाली एक प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।

झारखंड की राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
राष्ट्रपति मुर्मू दो दिवसीय दौरे के तहत शुक्रवार को झारखंड पहुंची थीं और उन्होंने राजभवन में रात्रि विश्राम किया। उनके दौरे के मद्देनजर झारखंड की राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।