Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

प्रधानमंत्री श्री मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. यादव के केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना के लिए प्रयास अभिनंदनीय : सुश्री उमा भारती

21
Tour And Travels

भोपाल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरूवार को सौजन्य भेंट के लिए पूर्व मुख्यमंत्री सुश्री उमा भारती के श्यामला हिल्स स्थित निवास पहुंचे। इस अवसर पर सुश्री भारती ने कहा कि बुंदेलखंड अंचल की तस्वीर बदलने वाली विश्व की पहली नदी जोड़ो परियोजना केन-बेतवा का शिलान्यास प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किया जाना अभिनन्दनीय है। इस परियोजना की मंजूरी कई वर्ष से लंबित थी। प्रधानमंत्री श्री मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. यादव के प्रयासों से ही यह संभव हुआ है। यह अपने आप में एक महत्वपूर्ण परियोजना है।

सुश्री भारती ने कहा कि बाढ़ और सूखा दोनों अपनी तरह की समस्याएं हैं। विभिन्न क्षेत्रों में यह समस्याएं उत्पन्न होती हैं और इन दोनों समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण उपाय नदी जोड़ो परियोजना है। केन-बेतवा नदी जोड़ो सामान्य परियोजना न होकर अर्थव्यवस्था को बदलने वाली परियोजना है। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी का सपना प्रधानमंत्री श्री मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. यादव के प्रयासों से साकार होगा। पूर्व मुख्यमंत्री सुश्री उमा भारती ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का अंगवस्त्रम् ओढ़ाकर स्वागत और सम्मान किया।

पूर्व मुख्यमंत्री सुश्री भारती ने कहा कि वे मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निवास जाकर ही उन्हें केन- बेतवा परियोजना से भूमि-पूजन पर धन्यवाद देना चाहती थी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आग्रहपूर्वक कहा कि वे स्वयं ही भेंट करने आ रहे है। उनके आगमन एवं बुंदेलखंड अंचल के साथ संपूर्ण प्रदेश की समृद्धि की दृष्टि से केन-बेतवा परियोजना की शुरुआत में डॉ. यादव की महत्वपूर्ण भूमिका से उन्हें हार्दिक प्रसन्नता हुई है। वर्षों से लंबित परियोजना को मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एक वर्ष के कार्यकाल में ही संभव बना दिया।