दुर्ग : पॉजिटिविटी घटकर हुई 23 प्रतिशत आज संक्रमित मरीजों की संख्या 1186 , 20 की मौत, 3586 ने किया रिकवर

दुर्ग ,26 अप्रैल(हि. स.)। जिला दुर्ग में आज कोरोना पॉजिटिविटी की दर घटकर 23 प्रतिशत पर आ गई है। आज 1186 नए संक्रमित मरीज मिले हैं । विभिन्न अस्पतालों में इलाज के दौरान 20 मरीजों की मौत हुई है। जबकि 3586 संक्रमित मरीजों स्वस्थ हुए हैं। जिला कलेक्टर डॉ सर्वेश्वर नरेंद्र भूरे के द्वारा लगातार चार बार लॉकडाउन की अवधि बढ़ाए जाने का परिणाम अब दिखने लगा है।
महामारी का संक्रमण धीरे धीरे कम होने लगा है। आज जिले से 4987 सैंपल लिए गए थे। जिसमें से 1186 में संक्रमित मरीज मिले हैं। इस प्रकार से पॉजिटिविटी का प्रतिशत घटकर 23 फ़ीसदी पर आ गया है। अर्थात प्रत्येक 100 व्यक्ति पर अब 23 संक्रमित मरीज मिल रहे हैं। एक समय जिले में ऐसी स्थिति थी कि प्रति 100 व्यक्तियों के द्वारा जांच किए जाने पर 57 पॉजिटिव आ रहे थे। कल भी पॉजिटिविटी का प्रतिशत 31 था। आज 8प्रतिशत घटकर 23प्रतिशत पर आ गया है। जो कि इस बीमारी पर नियंत्रण का अच्छा संकेत है । जबकि विभिन्न अस्पतालों में इलाज के दौरान आज 20 मरीजों की मौत हुई है। वहीं दूसरी ओर इस बीमारी से संघर्ष करते हुए स्वस्थ होने वालों की संख्या आज 3586 रही । इसके कारण अब जिले में एक्टिव कोरोना मरीजों की संख्या भी लगातार कम हो रही है।