Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

कांग्रेस की खराब नीतियों के चलते मणिपुर का आज यह हाल हुआ है:किरण रिजिजू

54
Tour And Travels

लखनऊ , 8अगस्त। केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्री किरण रिजिजू ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की वर्षों तक सत्ता में रहकर की गई लापरवाही और खराब नीतियों के चलते मणिपुर का आज यह हाल हुआ है।

रिजिजू ने लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर बहस के दौरान कहा कि मणिपुर में जो संघर्ष हो रहा है उसकी चिंगारी वर्तमान की नहीं है बल्कि वर्षों तक राज्य को उसके हाल पर छोड़ दिया गया, यह उसी का नतीजा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार बनने के बाद कोई आतंकवादी गुट मणिपुर में नहीं खड़ा हुआ है। उन्होंने विपक्ष पर देश को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद पूर्वोत्तर में आठ हज़ार से अधिक उग्रवादियों ने आत्मसमर्पण किया है। उन्होंने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि आपकी खराब नीतियों के चलते मणिपुर का आज यह हाल हुआ है। आपने उन्हें उनके भाग्य पर छोड़ दिया।

उन्होंने कहा कि जब अविश्वास प्रस्ताव लाया जाता है तो कोई कारण होता है। अक्सर यह तब लाया जाता है जब देश में राजनीतिक हालत अस्थिर हो। सरकार कमजोर स्थिति में हो या नेतृत्व कमजोर हो, उस समय यह अविश्वास प्रस्ताव लाया जाता है। लेकिन कांग्रेस यह बिल्कुल गलत समय पर लाई है। सरकार मजबूत स्थिति में है, पूरी दुनिया में भारत की तारीफ हो रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और अन्य दल अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए अफ़सोस करेंगे। ऐसे समय में प्रस्ताव लाया गया जब प्रधानमंत्री का क़द दुनिया के सामने बढ़ रहा है और बड़े बड़े देश के लोग भारत में आकर काम करना चाहते हैं। देश के कोने कोने और विदेशों में रहने वाले भारतीय भी मानते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 2047 तक भारत एक विकसित राष्ट्र बनेगा।