Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

सिक्किम में बाढ़ के कारण मृतकों की संख्या बढ़कर 14 हुई, 102 लापता

110
Tour And Travels

नई दिल्ली,5अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने प्राकृतिक आपदा ग्रस्त सिक्किम को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है। प्रधानमंत्री मोदी ने राज्‍य के मुख्‍यमंत्री प्रेम सिंह तमांग से बात की और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने आपदा प्रभावित लोगों की सुरक्षा और कल्याण की कामना की है।

राज्‍य में मंगलवार रात को ग्‍लेशियर पिघलने और तीस्‍ता नदी में अचानक बाढ से जान-माल की हानि हुई है। अब तक 14 लोगों की जान गई है और सेना के जवानों सहित एक सौ से अधिक लोग लापता हैं। इस आपदा से 22 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की तीन टीम, सेना और वायुसेना कर्मी राहत और बचाव कार्य में राज्‍य सरकार की सहायता कर रहे हैं।

मौसम ठीक होने पर चुंगथांन से राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की टीम विमान से रवाना होंगी। विमान से ही आवश्‍यक वस्‍तुएं और अन्‍य आपूर्ति चुंगथांग, लाचेन और लाचुंग में वितरित की जाएंगी।

इस बीच कैबिनेट सचिव राजीव गौबा की अध्यक्षता में कल राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन समिति की बैठक में सिक्किम की स्थिति की समीक्षा की गई। इस वर्चुवल बैठक में मुख्य सचिव वी.बी पाठक भी शामिल हुए।

कैबिनेट सचिव गौबा ने बताया कि चुंगथांग बांध की सुरंग में फंसे लोगों और पर्यटकों को निकालने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।