Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

कोरोना के डर से सोना-चांदी में उछाल

77
Tour And Travels

नई दिल्ली, 15 अप्रैल (हि.स.)। कोरोना संक्रमण के खतरे का असर सोना और चांदी की वायदा कीमतों पर दिख रहा है। कोरोना के डर और सकारात्मक वैश्विक संकेतों के कारण आज कमोडिटी एक्सचेंज एमसीएक्स पर सोने और चांदी की कीमतों में तेजी का रुख रहा। एमसीएक्स पर सोना का जून वायदा 0.28 फीसदी बढ़कर 46737 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। जबकि चांदी की कीमत 0.17 फीसदी चढ़कर 67752 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है।
इसके पिछले कारोबारी सत्र में सोना में 0.75 फीसदी की गिरावट हुई थी जबकि चांदी की कीमत 0.14 फीसदी टूट गई थी। अगर हाजिर सौदे की भी बात करें तो अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोने की कीमतों में आज तेजी का रुख रहा। विदेशी बाजार में आज हाजिर सोना 0.2 फीसदी बढ़कर 1738.96 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर पहुंच गया। इसके अलावा अन्य कीमती धातुओं में चांदी 0.5 फीसदी बढ़कर 25.53 डॉलर और प्लेटिनम 0.5 फीसदी बढ़कर 1176 डॉलर के स्तर पर पहुंच गया।
माना जा रहा है कि कीमती धातुओं की कीमत पर पड़े असर की एक बड़ी वजह आज दुनिया भर की प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर इंडेक्स में आई नरमी भी है। डॉलर आज तीन सप्ताह के निचले स्तर के आसपास कारोबार कर रहा है। इसके अलावा अमेरिकी बॉन्ड की यील्ड में भी नरमी का रुख बना रहा है।
ब्रोकरेज फर्म रहेजा सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट श्याम सुंदर रहेजा के अनुसार पूरी दुनिया में कोरोना का संक्रमण निवेशकों को डरा रहा है। ऐसे में इस संक्रमण काल के दौरान निवेशक सोने चांदी जैसी कीमती धातुओं को निवेश के लिहाज से सुरक्षित मान रहे हैं। यही वजह है कि कोरोना का खतरा जैसे जैसे बढ़ रहा है, वैसे वैसे सोने और चांदी की कीमत में भी तेजी आती जा रही है।