Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

छत्तीसगढ़ पुलिस ने बीजापुर जिले में 3 नक्सलियों को किया गिरफ्तार

135
Tour And Travels

नई दिल्ली, 28मई। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में पुलिस को उस समय एक बड़ी कामयाबी मिली, जब उन्होंने सोमवार को तीन इनामी नक्सलियों को गिरफ्तार किया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाबलों ने फरसेगढ़ थाना क्षेत्र से एक नक्सली को तथा तर्रेम थाना से दो नक्सलियों को गिरफ्तार किया है. उन्होंने बताया कि सोमवार को फरसेगढ़ थाना क्षेत्र के फरसेगढ़ बाजार के पास से नक्सली अशोक कोरसा (25) को गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस अधिकारियों ने आगे बताया कि पकड़ा गया माओवादी पुलिस दल की रेकी के लिये आसपास घूम रहा था. वह 15 मई को सोमनपल्ली के करीब थाना प्रभारी के वाहन को बारूदी सुरंग से उड़ाने की कोशिश में शामिल था. इस घटना में थान प्रभारी बाल-बाल बचे थे. उन्होंने बताया कि पकड़े गए माओवादी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था.

नक्सलियों पर 1 लाख का घोषित था इनाम
अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य घटना में सुरक्षाबलों ने तर्रेम थाना क्षेत्र में दो नक्सलियों को गिरफ्तार किया. उन्होंने बताया कि जिले में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत रविवार को तर्रेम थाना क्षेत्र के अंतर्गत पेद्दागेलुर, चिन्नागेलुर और गुंडम गांव की ओर डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड), बीजापुर और तर्रेम थाना का संयुक्त बल गश्त के लिए रवाना हुआ था. पुलिस ने तलाशी के दौरान पेद्दागेलुर से दो माओवादियों ईरया कड़ती (35) और लक्ष्मण फुलसुम (29) को पकड़ा.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार माओवादियों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था. उन्होंने बताया कि दोनों नक्सलियों के खिलाफ पुलिस दल पर हमला समेत अन्य मामलों में शामिल होने का आरोप है.

33 नक्सलियों ने एक साथ किया था सरेंडर
इससे पहले (25 मई) को बीजापुर जिले में 33 नक्सलियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था. इनमें दो महिला और 31 पुरुष नक्सली शामिल थे. जानकारी के अनुसार, सरेंडर करने वाले नक्सलियों में से तीन पर कुल 5 लाख रुपये का इनाम भी घोषित था.