Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

बरेली में ईंट भट्ठे की दीवार गिरी, JCB से राहत-बचाव कार्य जारी, अधिकारी मौके पर

30
Tour And Travels

बरेली

 यूपी के बरेली के मीरगंज इलाके में एक ईंट-भट्ठे की दीवार गिर गई है जिसमें 6 मजदूर दब गए। हाईवे के किनारे शनिवार की सुबह आठ बजे के करीब मीरगंज इलाके में यह हादसा हुआ है। बताया जा रहा है कि 5 मजदूरों को जिंदा निकाल लिया गया है। वहीं एक मजदूर की मौत हो गई है। हादसे की सूचना पर तीन थानों की फोर्स के साथ अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्‍होंने राहत और बचाव का काम शुरू कराया। घटना के बाद आक्रोशित भीड़ ने हंगामा कर दिया। एंबुलेंस पर पथराव कर दिया और हाईवे पर जाम लगाने की कोशिश की। पुलिस ने भीड़ को समझा- बुझाकर शांत कराया। हादसे में मारे गए मजदूर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।

शनिवार की सुबह बरेली के मीरगंज इलाके से इस हादसे की खबर सामने आते ही हड़कंप मच गया। पहले खबर फैली कि कई मजदूर ईंट भट्ठे की दीवार के नीचे दब गए हैं। इस सूचना पर जिला प्रशासन ने तत्‍काल कार्रवाई करते हुए मौके पर क्रेन भेजी और राहत और बचाव का काम शुरू कर दिया। मौके पर तत्‍काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। ईंट-भट्ठे की दीवार के नीचे दबे मजदूरों को ढूंढकर निकाला गया। पांच मजदूरों को बाहर निकाल लिया। उन्‍हें चिकित्‍सकीय जांच के लिए नजदीकी अस्‍पताल में भेजा गया है। वहीं एक मजदूर अब भी लापता था। उसके लिए काफी देर तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। अंत में पता चला कि मजदूर की मौत हो गई है।

मिली जानकारी के अनुसार बरेली के मीरगंज इलाके में हाईवे किनारे स्थित इस ईंट-भट्ठे में मजदूर कच्‍ची ईंटें लगाने का काम कर रहे थे। उस वक्त करीब दर्जन भर मजदूर वहां काम कर रहे थे। इसी दौरान ईंट-भट्ठे की दीवार गिर गई। इसमें छह मजदूर दब गए। घटना के बाद सूचना मिलने पर फतेहगंज पश्चिमी, मीरगंज समेत तीन थानों की पुलिस, अग्निशमन टीम के साथ सीओ, एसडीएम मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद नन्हें बाबू, इसरार, बबलू, राजीव और गोपाल को जिंदा बाहर निकल गया। वहीं धनेटा के रहने वाले छोटेलाल नाम का मजदूर अब भी लापता था। बाहर निकाले गए मजूदरों को नजदीकी अस्‍पताल में भेजा गया है। घटना के बाद से ईंट-भट्ठा मालिक फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। करीब तीन घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद लापता मजदूर छोटेलाल मलबे के नीचे दबा हुआ मिला। उसे भी बाहर निकाला गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे की सूचना पर वरिष्‍ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे हैं।
गुस्‍साई भीड़ ने एंबुलेंस पर चलाए पत्‍थर

घटना के बाद मजदूरों के घरवाले और ग्रामीण भड़क गए। लोगों ने वहां हंगामा कर दिया। मौके पर पहुंची एंबुलेंस पर ईंट पत्थर फेंके और हाईवे पर जुट गए। भीड़ ने हाइवे पर जाम लगाने की कोशिश की। पुलिस अधिकारियों ने काफी मशक्कत के बाद उनको शांत कराया और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अधिकारियों का कहना है कि घटना के बाद से ईंट भट्ठा संचालक भाग गया है। उसकी तलाश की जा रही है।