Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

भारत ने भाला फेंक एथलीटों की गति और ताकत को विकसित करने के लिए मंगाई विशेष केटीजी मशीनें

115
Tour And Travels

जर्मनी और चीन के बाद द क्राफ्ट ट्रेनिंग गेराट (केटीजी) मशीनें मंगाने वाला दुनिया का तीसरा देश बना भारत

नई दिल्ली,29 मई (हि.स.)। जर्मनी और चीन के बाद भारत दुनिया का तीसरा ऐसा देश बन गया है जिसने अपने भाला फेंक एथलीटों को उनकी ताकत और गति विकसित करने में मदद करने के लिए विशेष मशीनें हासिल की हैं। ये शक्ति प्रशिक्षण मशीनें नेताजी सुभाष राष्ट्रीय खेल संस्थान, पटियाला में शुक्रवार को लगाई गईं।

2020 की शुरुआत से, भारतीय एथलेटिक्स महासंघ चीन से उपकरण खरीदने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है, लेकिन कोरोना महामारी के प्रकोप ने प्रक्रिया में देरी की।

मुख्य कोच राधाकृष्णन नायर ने एक आधिकारिक बयान में कहा,”यह एथलीटों को फेंकने की ताकत विकसित करने की अनुमति देता है। मशीनों से निश्चित रूप से भारत के भाला फेंक एथलीटों को फायदा होगा। वे जल्द ही जर्मन कोच उवे होन और बायोमैकेनिक्स विशेषज्ञ डॉ क्लॉस बार्टोनिट्ज़ की देखरेख में इन मशीनों पर प्रशिक्षण शुरू कर सकेंगे।”

इस मशीन को, द क्राफ्ट ट्रेनिंग गेराट (केटीजी,जर्मन फॉर स्ट्रेंथ ट्रेनिंग डिवाइस) के नाम से जाना जाता है,जो एथलीटों के चोट के जोखिम को कम करने के साथ एक आदर्श प्रक्षेपवक्र के साथ फेंकने की अनुमति देता है। मशीन का वजन 3.8 किलो है और इसे 13.8 किलो के अधिकतम वजन तक लोड किया जा सकता है।

केटीजी की विकास टीम का हिस्सा रहे डॉ क्लॉस ने कहा, “दिवंगत भाला फेंक कोच कार्ल हेलमैन, जिन्होंने रूथ फुच्स और पेट्रा फेल्के जैसे महान एथलीटों को कोचिंग दी थी, उनके दिमाग मे इस मशीन को लेकर प्रारंभिक आइडिया आया। फिर हम इस तरह की मशीन बनाने के लिए साथ आये, मैं विकास दल का हिस्सा था।”

उन्होंने कहा,” एथलीटों को वजन बढ़ाना चाहिए, भारी सामान फेंकना चाहिए और आप इसे ऐसी मशीन पर कर सकते हैं। लेकिन ध्यान रहे, यह युवा एथलीटों के लिए नहीं है क्योंकि यह कोई जादू की मशीन नहीं है और यह आपकी तकनीक को खराब कर सकती है। यह केवल उचित कोच की देखरेख में कुलीन एथलीटों के प्रशिक्षण के लिए है।”

एएफआई के अध्यक्ष एडिले जे सुमरिवाला ने कहा, “महामारी के कारण इन मशीनों को बड़ी कठिनाइयों के साथ आयात किया गया है। हम जर्मन तकनीक और मशीनें चाहते थे लेकिन जर्मन कंपनी ने हमें ये मशीनें देने से इनकार कर दिया। हमें तब एक चीनी कंपनी मिली जो इन्हें बेचने के लिए तैयार थी। मुझे खुशी है कि आखिरकार हमारे एथलीट इसका उपयोग करके सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षण प्राप्त करने में सक्षम होंगे।”