Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

(इंटरव्यू) भाजपा उम्मीदवार रंतिदेव को है नारी शक्ति पर भरोसा

56
Tour And Travels

31/03/2021कोलकाता, 31 मार्च (हि.स.)। 294 सीटों वाले पश्चिम बंगाल विधानसभा के लिये हो रहे चुनाव में लड़ाई दिलचस्प होती जा रही है। भारतीय जनता पार्टी सरकार गठन का लक्ष्य लेकर चल रही है तो सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस अपनी सरकार बचाए रखने के लिए जद्दोजहद में लगी हुई है। इसी कड़ी में हावड़ा दक्षिण विधानसभा से भाजपा के उम्मीदवार और वरिष्ठ पत्रकार रंतिदेव सेनगुप्ता भी अपनी जीत को लेकर आश्वस्त हैं। उन्हें सबसे अधिक भरोसा महिला शक्ति पर है। “हिन्दुस्थान समाचार” को दिए साक्षात्कार में रंतिदेव ने बताया कि इस बार लहर भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में है और उनकी जीत तय है। चुनावी संभावनाओं को लेकर हिन्दुस्थान समाचार संवाददाता ओम प्रकाश सिंह ने रंतिदेव से विस्तृत बातचीत की। पेश है बातचीत के प्रमुख अंश :-

प्रश्न : इस बार हावड़ा दक्षिण में लड़ाई कितनी चुनौतीपूर्ण है? क्या लगता है आपको जीत सकेंगे?

उत्तर : हावड़ा में कोई चुनौती नहीं है। भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में माहौल है और खासकर महिला शक्ति इस बार भाजपा के पक्ष में मजबूती से खड़ी है। 2019 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को बढ़त मिली थी और इस बार भी यहां के लोग और बढ़ चढ़कर पार्टी को समर्थन दे रहे हैं। खासकर महिलाएं इस बार भाजपा के पक्ष में और अधिक मजबूती से खड़ी हैं इसीलिए हमारी जीत की उम्मीदें बढ़ गई हैं।

प्रश्न : लोकसभा चुनाव के समय आपकी जीत नहीं हो सकी थी। इस बार आपकी प्रचार रणनीति में क्या कुछ बदलाव हुआ है?

उत्तर : हर एक असफलता एक सबक होती है और लोकसभा चुनाव की हार भी मेरे लिए सबक थी। इस बार और अधिक जनसंपर्क किया जा रहा है और लोगों से जुड़ने की कोशिश की जा रही है। अच्छी बात यह है कि इस बार लोग बढ़-चढ़कर भारतीय जनता पार्टी का समर्थन कर रहे हैं जिसकी वजह से हमारा मनोबल अधिक बढ़ा हुआ है ।

प्रश्न : भारतीय जनता पार्टी इस बार बंगाल में सरकार गठन का लक्ष्य लेकर चल रही है। आपको क्या लगता है यह लक्ष्य पूरा होगा?

उत्तर : निश्चित तौर पर लक्ष्य पूरा होगा। इसकी वजह है कि ममता बनर्जी के शासन से बंगाल के लोग पूरी तरह से त्रस्त हैं। दूसरी ओर केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ने पूरे देश में शानदार काम किया है जिसके कारण लोगों का विश्वास भाजपा पर बहाल हुआ है। इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी ने बंगाल के चौमुखी विकास के लिए सोनार बांग्ला बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है जो बंगाल के लोगों को भा रहा है। साथ ही चुनाव से पहले सत्तारूढ़ पार्टी के नेताओं, मंत्रियों, विधायकों, सांसदों के भाजपा में शामिल होने का सिलसिला भी राज्य में परिवर्तन का संकेत है। इस बार निश्चित तौर पर पार्टी भारी बहुमत से जीतकर सरकार बनाएगी।

प्रश्न : आप वरिष्ठ स्तंभकार भी रहे हैं। तृणमूल कांग्रेस से आए लोगों की वजह से पार्टी आंतरिक गुटबाजी से जूझ रही है। आपको क्या लगता है इससे नुकसान होगा?

उत्तर : पार्टी किसी भी तरह की गुटबाजी से नहीं जूझ रही है। जो लोग भी भारतीय जनता पार्टी में आए हैं वे पार्टी की रीति और नीति को मानकर काम कर रहे हैं। नए-पुराने सभी लोगों में बेहतर समन्वय बनाया जा रहा है। तालमेल में थोड़ा समय जरूर लग रहा है लेकिन सब कुछ ठीक है और इसका फायदा पार्टी को बिल्कुल होने वाला है। जो लोग भी ममता बनर्जी से त्रस्त हैं, चाहे वे तृणमूल कांग्रेस के हैं चाहे भारतीय जनता पार्टी के, अथवा आम लोगों के, सारे आज भाजपा के पक्ष में काम करना चाहते हैं और इसीलिए हमारा कुनबा बढ़ा हुआ है। चुनाव से पहले ममता बनर्जी का कमजोर होना और भाजपा की ताकत में इजाफा भी राज्य में परिवर्तन के संकेत हैं।

प्रश्न : इस बार नंदीग्राम में क्या होगा? क्या ममता हार जाएंगी या भाजपा को पराजय झेलना पड़ेगा?

उत्तर : इस बार ममता बनर्जी की हार अवश्यंभावी है। हाल ही में उनका एक ऑडियो वायरल हुआ है जिसमें नंदीग्राम के लोकल भाजपा नेता को फोन कर वह जीतने के लिए मदद मांग रही हैं। यही इस बात के संकेत हैं कि इस बार उन्हें अपनी जीत का भरोसा नहीं। इसके अलावा ममता बनर्जी की भाषा शैली बंगाल की सभ्यता और संस्कृति के विपरीत है। प्रधानमंत्री को गालियां देती हैं। नंदीग्राम के लोगों पर हत्या की कोशिश का झूठा आरोप लगा चुकी हैं। निश्चित तौर पर लोग इसका जवाब देंगे।

प्रश्न : आरोप लगते हैं कि तृणमूल कांग्रेस के भ्रष्ट लोग भारतीय जनता पार्टी में आकर साफ हो रहे हैं।

उत्तर : ऐसा नहीं है। जो लोग तृणमूल कांग्रेस छोड़कर आए हैं वे जनता के लिए काम करना चाहते थे लेकिन पार्टी उन्हें काम नहीं करने दे रही थी। भाजपा उन्हें इसका मौका दे रही है। और उन्हें इसका भरोसा है इसीलिए आए हैं। अगर कोई भ्रष्ट है और उनके खिलाफ किसी भी तरह की कोई जांच चल रही है तो वह जांच जारी रहेगी।

प्रश्न : बंगाल में भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं को मौत के घाट उतारा गया है। अगर भाजपा की सरकार बनी तो क्या हिंसा की संस्कृति पर लगाम लगेगी?

उत्तर : निश्चित तौर पर भाजपा की सरकार बनेगी तो हिंसा की संस्कृति पर लगाम लगाई जाएगी। हम बदला नहीं लेंगे लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं पर हुए हमलों की जांच होगी और हमलावरों को कठोर सजा भी दी जाएगी। इसके अलावा पुलिस को फ्री हैंड दिया जाएगा ताकि राज्य में कानून का अनुपालन हो और जनता बेहतर व्यवस्था हासिल कर सके।