
जोधपुर, 05 मई (हि.स.)। शहर के बासनी औद्योगिक क्षेत्र स्थित सांगरिया में अमरवती नगर इलाके में आधी रात को एक हैण्डीक्राफ्ट फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। बासनी, नागौरी गेट, शास्त्रीनगर एवं मंंडोर से बुलाई गई करीबन दस दमकलों ने इस आग पर बुधवार की तडक़े तक काबू पाया। घटना को लेकर क्षेत्र वासियों ने अपना रोष भी जाहिर किया है।
रहवासीय इलाके में यह फैक्ट्री चलना बताया जाता है। आग से लाखों रुपए का हैंडीक्राफ्ट सामान जलकर नष्ट हो गया। आग से फैक्ट्री की बिल्डिंग भी पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हो गई। दो दिन पूर्व इसी अमरावती नगर में केमिकल की फैक्ट्री में आग लगने से आसपास के दो मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए थे। क्षेत्र के लोगों ने आवासीय कॉलोनी में अवैध रूप से चल रही फैक्ट्रियों को हटाने की मांग की है।
अमरावती नगर में एक मकान में संचालित हो रही कृष्णा आर्ट हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री में आधी रात आग लग गई। लकड़ी के उत्पाद बनाने की फैक्ट्री में आग बहुत तेजी से फैली। देखते ही देखते आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। पहले एक दमकल मौके पर पहुंची। बाद में कुछ और दमकलों को बुलाना पड़ा। करीब तीन घंटों के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। तब तक उसमें रखा सारा तैयार उत्पाद व कच्चा माल जलकर नष्ट हो गया। फैक्ट्री मालिक मुकेश माली ने बताया कि नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।
क्षेत्र के लोगों ने जताया रोष:
अमरावती नगर में अवैध रूप से संचालित होने वाली हैंडीक्राफ्ट इकाइयां एवं कई तरह की अन्य फैक्ट्रियां लगी हुई है। क्षेत्रवासियों ने जेडीए, नगर निगम, ग्राम पंचायत सभी को इनके खिलाफ कई बार शिकायत कर रखी है। इसके बावजूद इन फैक्ट्रियों को हटाने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया। शिकायत होने पर इन इकाइयों को सीज करने का नोटिस थमा दिया जाता है। मामला इससे आगे नहीं बढ़ पाता है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि पूर्व में भी इन फैक्ट्रियों में आग लगने से निकट के मकानों को काफी नुकसान पहुंचा। साथ ही हमेशा आग का खतरा बना रहता है।
इस आग की सूचना पर मौके पर पहुंचे मुख्य अग्निशमन अधिकारी जयसिंह ने बताया कि फैक्ट्री की आरसीसी की छत नीचे गिरने से आग को कंट्रोल करने में बड़ी मशक्त करनी पड़ी।