Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

टीशर्ट पहनकर संसद में तमाशा, कुछ गरिमा बनाकर रखें, राहुल गांधी पर भड़की मोदी सरकार

36
Tour And Travels

नई दिल्ली
संसद में अडानी, जॉर्ज सोरोस से सोनिय गांधी के लिंक जैसे मुद्दों पर जोरदार हंगामा जारी है। राहुल गांधी ने तो सोमवार को नरेंद्र मोदी और गौतम अडानी के मुखौटा लाए दो सांसदों का मॉक इंटरव्यू भी लिया था। लेकिन अंदर लोकसभा और राज्यसभा में हंगामा जारी रहा और दोनों सदनों को कई बार स्थगित करना पड़ा। इस बीच केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर तमाशा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ये लोग सदन की कार्यवाही नहीं चलने दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि आखिर कांग्रेस टीशर्ट पहनकर तमाशा क्यों करती है। इस बीच मंगलवार को एक बार संसद की कार्य़वाही शुरू होते ही स्थगित हो गई।

किरेन रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी को समझाने की जरूरत है। हमारे पास बिल पास कराने के लिए जरूरी संख्या है। कांग्रेस को सदन की गरिमा का ख्याल रखना चाहिए और चर्चा में हिस्सा लेना चाहिए। वहीं अडानी के मसले पर कांग्रेस के प्रदर्शन पर भी मंत्री ने सवाल उठाया। किरेन रिजिजू ने कहा कि अमेरिकी अदालत के मामले को लेकर यहां तमाशा करने से क्या फायदा होगा। राज्यसभा में तो सभी दलों के सांसद चाहते हैं कि सदन चले। हमसे सपा, कांग्रेस, टीएमसी समेत कई दलों के सांसद मिले हैं और बोले कि सदन चलना चाहिए। इस पर मैंने कहा कि राहुल गांधी को समझाओ। उन्हें आम लोगों से तो कोई लेना-देना नहीं है। उनका अपना स्टाइल है और तमाशा करते रहते हैं।

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि मैं एक बात साफ कर दूं कि जनता के हित के लिए जो भी बिल लाने होंगे, हम लेकर आएंगे। लेकिन हम चाहते हैं कि बिलों पर चर्चा हो। इसलिए एकतरफा पास नहीं करना चाहते। चर्चा होने से संसद की गरिमा बढ़ेगी। इस बीच कांग्रेस की नई सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि हम तो चर्चा चाहते हैं। सरकार ही सदन में परेशानी खड़ी कर रही है और संसद नहीं चलने दे रही।

बता दें कि राज्यसभा में भी सोमवार को हंगामा हुआ और खरगे ने तो सीधे स्पीकर जगदीप धनखड़ पर ही सवाल उठा दिया और कहा कि आप तय करके आए हैं कि विपक्ष को बोलने ही नहीं दिया जाएगा। ऐसा करके आप लोकतंत्र की हत्या कर रहे हैं। आपने मंत्री को बोलने दिया, पर हमें मौका नहीं मिला।