Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

हिसार: 7.9 डिग्री पहुंचा पारा, सीजन में अब तक का सबसे कम तापमान

144
Tour And Travels

हिसार.
प्रदेश में तेजी से रात को ठंड बढ़ रही है। रात को ठंड बढ़ने से हिसार का न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस है। यह इस सीजन का सबसे कम तापमान है। दूसरी तरफ शहरों में स्मॉग थोड़ा कम हुआ है। हरियाणा के बहादुरगढ़ का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) सबसे ज्यादा 423 रहा। दिल्ली की भी हवा का स्तर खतरनाक श्रेणी में है। इसके अलावा हरियाणा के काफी शहरों की हवा हल्की से साफ हुई है। मौसम विज्ञानियों ने आने वाले दिनों में मौसम साफ रहने की संभावना व्यक्त की है।

मौसम में बदलाव के साथ ही रात का तापमान तेजी से कम हो रहा है। हिसार का तापमान गिरते हुए 7.8 डिग्री तक पहुंच गया। यह मंगलवार के मुकाबले 1.2 डिग्री तक कम हुआ है। मौसम विज्ञानियों की मानें तो 22 नवंबर की रात से नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो सकता है जिससे मौसम में बदलाव की संभावना है।

पक्षी भी जहरीली हवा में नहीं ले पा रहे सांस
वहीं दूसरी ओर प्रकृति के संकेतों को समझने वाले परिंदे बढ़ते प्रदूषण से कंफ्यूज हो गए हैं। जहां एक तरफ जहरीली हवा में वे सांस नहीं ले पा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर वह अपने रास्तों से भटक रहे हैं और शीशे की इमारतों से टकराकर चोटिल हो रहे हैं। इसके अलावा वे फेफड़ों में इंफेक्शन और आंखों में जलन, पैरालिसिस, चिकनपॉक्स और कोराइजा बीमारी के शिकार हो रहे हैं। फिलहाल 10 से ज्यादा पक्षियों का आइसीयू में उपचार चल रहा है।

सात शहरों का एक्यूआइ 300 पार
प्रदेश के सात शहरों का एक्यूआइ 300 के पार चल रहा है। इनकी हवा का स्तर ज्यादा खराब श्रेणी में पहुंच गया है। हवा के स्तर को सुधारने के लिए प्रशासन की तरफ से प्रयास चल रहे हैं। मौसम विज्ञानियों की तरफ से अब आने वाले दिनों में मौसम साफ होने के कारण स्मॉग का स्तर कम होने की संभावना व्यक्त की है।

उत्तर-पश्चिम से चलने वाली हवा ने दिल्ली के साथ-साथ पंजाब, हरियाणा एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कोहरे का घनत्व बढ़ा दिया है। दिन के तापमान में गिरावट आती जा रही है। हल्की सर्दी की शुरुआत हो गई है। जम्मू-कश्मीर के पहाड़ों पर 23 नवंबर से नया पश्चिमी विक्षोभ आने वाला है। इसके असर से बारिश और बर्फबारी प्रारंभ हो सकती है। 26-27 नवंबर से बर्फीली हवाएं उत्तरी क्षेत्र में चलने लगेंगी। भारत मौसम विभाग (आइएमडी) ने अगले तीन दिनों के लिए जारी चेतावनी में दिल्ली, पंजाब एवं हरियाणा समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश में घना कोहरे की आशंका जताई है।