Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

पटना जिले में बहू के अफेयर का विरोध करने पर आशिक ने सास को मार डाला, मुंह में गोली दागकर हत्या

51
Tour And Travels

पटना
बिहार के पटना जिले में अपने बहू के लव अफेयर का विरोध करने पर सास की हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बहू के आशिक ने ही सास को मौत के घाट उतार दिया। वारदात पालीगंज के सिगोड़ी थाना इलाके के देवरिया गांव में हुई। मृतका की पहचान देवरिया निवासी गुड्डी देवी (40) के रूप में हुई है। आरोपी ने पहले महिला पर धारदार हथियार से वार किया, फिर उसके मुंह में गोली दाग दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने हत्या के आरोपी सुंदर यादव को गिरफ्तार कर लिया है। उसका गुड्डी देवी की बहू से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस वारदात को उसने महिला के पति के सामने ही अंजाम दिया।

पालीगंज डीएसपी-1 प्रीतम कुमार ने बताया कि मृतका की बहू के साथ गांव के ही युवक सुंदर यादव प्रेम प्रसंग कई दिनों से चल रहा था। इसकी भनक सास गुड्डी देवी को लग गई। उसने बहू के अफेयर का विरोध करना शुरू कर दिया। सुंदर को यह नागवार गुजर रह था। गुरुवार रात जब सभी लोग खाने के बाद सो गए, तब अपराधी मौका देखकर घर में घुसा और गुड्डी के गर्दन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद सुंदर ने महिला के मुंह में गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।

बकौल डीएसपी-1 पुलिस ने अपराधी सुंदर यादव को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल देसी कट्टा को बरामद कर लिया गया है। इसके अलावा पुलिस को मृतका के शव के पास से एक तलवारनुमा हथियार, एक मिसफायर बुलेट और एक खोखा मिला है।

आरोपी सुंदर महिला गुड्डी देवी के बेटे के साथ राजस्थान में मजदूरी का काम करता था। उस समय महिला की बहू भी राजस्थान में रहती थी। तभी दोनों के बीच जान-पहचान हुई। पिछले दिनों त्योहार में सुंदर और महिला की बहू गांव आए थे। सुंदर अक्सर उससे मिलने पहुंच जाता था। इस बात पर महिला को शक हुआ और उसने सुंदर का विरोध किया। इसी बात से खफा आरोपी ने उसकी हत्या कर दी।