Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

बाबा महाकाल मंदिर में एक फुलझड़ी जलाकर मनेगा दीपपर्व, भस्म आरती का भी बदला समय, ऐसे मनेगी दिवाली

48
Tour And Travels

 उज्जैन
ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में 31 अक्टूबर को तड़के 4 बजे भस्म आरती में दीपावली मनाई जाएगी। भगवान महाकाल को केसर, चंदन का उबटन लगाकर गर्म जल से स्नान कराएंगे। इसके बाद अन्नकूट लगाकर फुलझड़ी से आरती की जाएगी।

मंदिर में दीपपर्व को लेकर तैयारी शुरू हो गई है। गर्भगृह की छत पर लगे चांदी के रुद्रयंत्र, रजत मंडित दीवार तथा चांदी द्वार की सफाई की जा रही है। मंदिर में आकर्षक विद्युत तथा पुष्प सज्जा भी होगी।

महाकाल में दीपावली पर एक फुलझड़ी जलाकर निभाएंगे परंपरा

    ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में दीपावली पर गर्भगृह में एक फुलझड़ी चलाकर दीपावली मनाई जाएगी। होली पर गर्भगृह में आग लगने की घटना के बाद मंदिर समिति ने यह कदम उठाया है।

    पुजारी, पुरोहित मंदिर परिसर में भी आतिशबाजी नहीं कर सकेंगे। सीसीटीवी कैमरों से इस पर नजर रखी जाएगी। महाकाल मंदिर में दीपावली पर भगवान महाकाल की फुलझड़ी से आरती करने की परंपरा है।

    दीपावली के दिन नित्य होने वाली पांच आरती में फुलझड़ी चलाई जाती है। पहले पुजारी, पुरोहित बड़ी संख्या में फुलझड़ी चलाते थे, परिसर में भी आतिशबाजी की जाती थी।

    आतिशबाजी के धुंए से भस्म आरती दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी होती थी। इसे देखते हुए तत्कालीन कलेक्टर मनीष सिंह ने पांच फुलझड़ी चलाकर दीपावली मनाने की व्यवस्था सुनिश्चित कर दी थी।

    इस बार होली पर गर्भगृह में हुई आगजनी की घटना के बाद मंदिर समिति ने केवल शगुन बतौर एक फुलझड़ी चलाने के निर्देश दिए हैं। दीपावली पर पांचों आरती में एक-एक फुलझड़ी चलाई जाएगी।

आज से फ्रीगंज व पुराने शहर के 10 मार्गों पर सभी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध

दीपावली पर्व पर बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ेगी। आम लोगों की सुविधा को लेकर यातायात पुलिस ने पुराने व नए शहर में फ्रीगंज, शहीद पार्क व मक्सी रोड के प्रमुख 10 मार्गों पर वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। सुबह 10 बजे से लेकर रात 10 बजे तक यह नियम लागू रहेगा। रविवार को यातायात पुलिस ने व्यापारियों के साथ बाजारों का भ्रमण किया।

डीएसपी विक्रमसिंह कनपुरिया व दिलीपसिंह परिहार ने बताया कि दीपावली पर्व पर खरीदी के लिए बाजारों में भीड़ उमड़ेगी। इस कारण शहर के प्रमुख 10 मार्गों पर सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है।

सुबह दस बजे से लेकर रात दस बजे तक इंदौर गेट से दौलतगंज, फव्वारा चौक, एटलस चौराहा, कंठाल चौराहा, तेलीवाड़ा चौराहा से निकास चौराहा एवं तेलीवाड़ा चौराहा से ढाबा रोड तथा नए शहर में फ्रीगंज, शहीद पार्क, मक्सी रोड क्षेत्र सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है।