Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

इंदौर मामले में सरकार सख्त, कई लोग पकड़े गए : यादव

44
Tour And Travels

भोपाल
 मध्यप्रदेश के इंदौर जिले के महू के पास प्रशिक्षु सैन्य अधिकारियों के साथ हिंसा और उनके साथ की एक महिला के साथ कथित दुष्कर्म की घटना के संबंध में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि सरकार इस मामले में बहुत सख्त है और अनेक लोगों को पकड़ा गया है।
डॉ यादव ने कल एक वीडियो संदेश के जरिए कहा कि इस घटना के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ लोगों को गिरफ्त में लिया गया और शेष को भी हिरासत में ले लिया गया। सरकार इस मामले में बहुत सख्त है।

इस संबंध में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कांग्रेस के कई नेताओं ने एक्स पर पोस्ट करते हुए मध्यप्रदेश सरकार पर हमला बोला था। गांधी के इस संबंध में बयान को लेकर डॉ यादव ने कहा कि गांधी फुर्सत में हैं। उनकी (कांग्रेस) सरकारों में क्या हो रहा है। कोलकाता में क्या हुआ। यह उनको नहीं दिखता। वहां की बात करते नहीं हैं। हिम्मत है तो बोले ना इनको लेकर। उन्होंने कहा कि गांधी अमरीका यात्रा के दौरान देश को लज्जित करने का कार्य कर रहे हैं।

वहीं कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा था कि आधी आबादी कहीं भी सुरक्षित नहीं है।
महू में कुछ हथियारबंद बदमाशों ने दो सैन्य अधिकारियों और उनकी महिला मित्रों को कथित तौर पर बंधक बना कर उनके साथ हिंसा की थीं। इसके बाद बदमाशों ने कथित तौर पर इन्हीं में शामिल एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था। ये मामला दो दिन पहले सामने आने के बाद से इसे लेकर कांग्रेस के विभिन्न नेता सरकार को निशाने पर ले रहे हैं।