Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

चुनाव से पहले छत्तीसगढ़ में टॉप नक्सल कमांडर समेत 29 नक्सली ढेर, अमित शाह ने सुरक्षाबलों को दी बधाई

178
Tour And Travels

नई दिल्ली, 17अप्रैल। लोकसभा चुनाव से पहले छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कांकेर जिले में मंगलवार को सुरक्षाबल की नक्सलियों से मुठभेड़ हो गई. अधिकारियों ने बताया कि इस एनकाउंटर में अब तक 29 नक्सलियों को ढेर किया गया है.

मुठभेड़ में सुरक्षाबल के तीन जवान घायल हो गए. पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के छोटेबेठिया पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत जंगल में नक्सलियों से मुठभेड़ में सुरक्षाबल के तीन जवान घायल हो गए.

नक्सल विरोधी अभियान पर निकला था दल
कांकेर पुलिस ने कहा कि पुलिस और नक्सलियों के बीच चल रही मुठभेड़ में 29 नक्सली मारे गए हैं. उन्होंने बताया कि छोटेबेठिया क्षेत्र में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के एक संयुक्त दल को नक्सल विरोधी अभियान पर रवाना किया गया था.

सुरक्षाबलों ने की जवाबी कार्रवाई
उन्होंने बताया कि दल मंगलवार दोपहर लगभग दो बजे हापाटोला गांव के जंगल में था तभी नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी. इसके बाद सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की. पुलिस ने दावा किया कि सुरक्षाबलों ने घटनास्थल से बड़ी संख्या में हथियार भी बरामद किया है.

जवानों की हालत खतरे से बाहर
उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में घायल तीन जवानों को अस्पताल ले जाया गया है, लेकिन घायल जवानों की हालत खतरे से बाहर है. फिलहाल क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है.

एनकाउंटर में टॉप नक्सली कमांडर ढेर
इस घटना पर आईजी बस्तर पी सुंदरराज ने कहा कि कांकेर के छोटेबेठिया में मुठभेड़ स्थल से 29 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं. ऑपरेशन में 3 जवान घायल हो गए. सर्च ऑपरेशन जारी है. इसे इलाके के सबसे बड़े नक्सल विरोधी अभियानों में से एक के रूप में देखा जा सकता है.

आईजी ने मारे गए नक्सलियों में 25 लाख रुपये का ईनामी नक्सली डीवीसी कमांडर शंकर राव, डीवीसी सदस्य ललिता और डीवीसी सदस्य माधवी के मारे की जाने की संभावना जताई है. इनकी मौजूदगी की सूचना के बाद ऑपरेशन शुरू किया गया था. घटनास्थल से 7 AK सीरीज राइफल और 3 लाइट मशीन गन बरामद की गई हैं.

छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीटों के लिए तीन चरणों में 19 अप्रैल से 7 मई के बीच चुनाव होना है. चुनाव के नतीजे 4 जून को जारी किए जाएंगे. कांकेर जिला कांकेर लोकसभा क्षेत्र में आता है, जहां 26 अप्रैल को आम चुनाव के दूसरे चरण में मतदान होगा.

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने इस ऑपरेशन के लिए सुरक्षाबलों को बधाई दी है.

अमित शाह ने कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार देश को नक्सलवाद के दंश से मुक्त करने के लिए संकल्पित है. शाह ने कहा कि सरकार की आक्रामक नीति और सुरक्षा बलों के प्रयासों के कारण आज नक्सलवाद सिमट कर एक छोटे से क्षेत्र में रह गया है. उन्होंने कहा कि जल्द ही छत्तीसगढ़ और पूरा देश नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त होगा.

‘सभी सुरक्षा कर्मियों को बधाई’
उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘आज छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों के अभियान में बड़ी संख्या में नक्सली मारे गये हैं. इस अभियान को अपनी जांबाजी से सफल बनाने वाले सभी सुरक्षा कर्मियों को बधाई देता हूं और जो वीर पुलिस कर्मी घायल हुए हैं, उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.’