
प्रतापगढ़ , 13 अप्रैल (हि. स.)। मानिकपुर थाना क्षेत्र से पुलिस ने नकली अवैध सीमेंट बनाने वाले गिरोह के एक सदस्य को पकड़ा है। बाकि अन्य भागने में कामयाब रहे।
पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने मंगलवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मानिकपुर के जाखामई में शौकत अली अपने लड़के शेबू उर्फ शाबिर व कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर अपने ही घर में मिट्टी व राख को मिलाकर नकली सीमेंट तैयार कर बाजार में बेचता था।
प्रभारी निरीक्षक मानिकपुर सुभाष कुमार यादव व स्वाट टीम की संयुक्त टीम ने मानिकपुर के जाखामई में शौकत अली के घर पर दबिश देकर वहां से शेबू उर्फ शाबिर को गिरफ्तार किया है। जबकि शौकत अली मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर 26 बोरी अल्ट्राटेक सीमेंट, 14 बोरी परफेक्ट प्लस सीमेंट, 345 बोरी अधभरी अवैध मिलावटी सीमेंट तथा सीमेंट मिलावट में प्रयोग किये जाने वाले टीन का चोंगा व एक सीमेंट छानने वाली जाली बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपित को जेल भेज दिया गया है। मामले में अभी शौकत अली, इम्तियाज, मुन्ना नाई,पिन्टू नाई पुराना कुण्डा थाना कुण्डा की तलाश की जा रही है।