Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

खेत पर सो रहे वृद्ध की गर्दन पर नुकीली वस्तु प्रहार कर हत्या

59
Tour And Travels

फिरोजाबाद, 12 अप्रैल (हि.स.)। थाना जसराना क्षेत्र अन्तर्गत खेत पर सोने गये एक वृद्ध की नुकीली वस्तु प्रहार कर हत्या कर दी। सोमवार को जानकारी के बाद पुलिस ने डॉग स्वायड टीम के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया है और शव को पोस्टमार्टम के लिये जिला अस्पताल भिजवाया है।

थाना जसराना क्षेत्र के खडीत निवासी यादराम (59) पुत्र जाहर सिंह रविवार की रात अपने घर से करीब दो सौ मीटर दूर खेत पर पानी लगाने गए थे। बताया गया है कि वहां पानी लगाकर वह नीम के पेड़ के नीचे सो गये। आरोप है कि तभी किसी ने नुकीली वस्तु से उनकी गर्दन पर प्रहार कर हत्या कर दी। सोमवार सुबह जब वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने वृद्ध को मृत अवस्था में पड़ा देखा तो वह सन्न रह गये। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। उन्ही में से किसी ने सूचना परिजनों व पुलिस को दी। सूचना मिलते ही परिजन व थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण किया है। पुलिस ने डॉग स्कॉयड टीम के साथ मौके से सबूत एकत्रित किया है। एसपी देहात डॉ अखिलेश नारायन ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया है।

इस सम्बंध में एसपी देहात डॉ अखिलेश नारायन ने बताया कि गांव से करीब 200 मीटर की दूरी पर नीम के पेड़ के नीचे सो रहे व्यक्ति की गर्दन पर नुकीली वस्तु से प्रहार किया गया है जिससे उसकी मृत्यु हुई है। फील्ड यूनिट टीम ने मौके से साक्ष्य संकलन किये है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया है। तहरीर प्राप्त कर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। जल्द ही घटना का अनावरण किया जाएगा।