Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

मोदी कैबिनेट में होगा बड़ा फेरबदल , पीएम आवास पर शीर्ष नेताओं के बीच हुई मैराथन बैठक

183
Tour And Travels

नई दिल्ली, 29जून।2024 के आम चुनाव से पहले केंद्र सरकार और पार्टी में भाजपा बड़े फेरबदल कर सकती है. माना जा रहा है कि मलयालम सुपरस्टार सुरेश गोपी को मोदी कैबिनेट में जगह मिल सकती है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा की बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास पर हुई मुलाकात के बाद कैबिनेट फेरबदल की अटकलें तेज हो गई हैं.पार्टी के शीर्ष सूत्रों ने इसकी पुष्टि की और कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल के साथ-साथ पार्टी में भी फेरबदल पर चर्चा चल रही है.आगामी लोकसभा चुनाव नजदीक होने के कारण कुछ मंत्रियों को पार्टी में कुछ पद दिए जाएंगे जबकि कुछ को सरकार में शामिल किया जा सकता है.

140 सदस्यीय केरल विधानसभा में भाजपा के पास एक भी विधायक नहीं होने के कारण, 2024 का लोकसभा चुनाव पार्टी के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया है. पूरी संभावना है कि सुरेश गोपी लगातार दूसरी बार त्रिशूर से चुनाव लड़ेंगे. गोपी हाल ही में 65 वर्ष के हो गए हैं. वो अपने राजनीतिक भविष्य के सवाल पर चुप्पी साधे हुए हैं. उनका जवाब आया, ”बीजेपी ने मुझमें निवेश किया है और इसलिए पार्टी मुझसे जो कहेगी मैं करने के लिए तैयार हूं.गोपी को 2014 में प्रधानमंत्री के रूप में मोदी के शपथ ग्रहण समारोह के लिए बुलाया गया था. फिर उन्हें राज्यसभा में भेजा गया.उनका कार्यकाल पिछले साल समाप्त हो गया और जब भी किसी फेरबदल की खबर आती है, तो अटकलें तेज हो जाती हैं कि गोपी एक छुपा रुस्तम साबित होंगे.

इससे पहले शाह, नड्डा और संतोष ने पिछले कुछ दिनों में तीन बैठकें की थीं. बीजेपी नेताओं ने आरएसएस के साथ बैठकों का ब्योरा भी साझा किया था.सूत्र ने कहा कि तीनों नेताओं ने अपनी चर्चाओं का खाका और उन बैठकों के दौरान मिले फीडबैक को प्रधानमंत्री के साथ साझा किया है और आने वाले दिनों में निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले और बैठकें होंगी.

पार्टी साल के अंत में होने वाले अहम विधानसभा चुनावों और 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए तैयारी में जुट गई है. बैठक के बारे में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.यह बैठक ऐसे वक्त में हुई है जब शाह, नड्डा और भाजपा महासचिव (संगठन) बी एल संतोष संगठन तथा राजनीतिक मुद्दों पर लगातार बैठकें कर रहे हैं.