
गुवाहाटी, 01 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सात साल के शासन के दौरान 27 करोड़ लोग गरीबी रेखा से नीचे चले गए हैं। यह बात गुरुवार को असम विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के जारी मतदान के दौरान असम प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता मनीष तिवारी कही। उन्होंने सत्ताधारी पार्टी भाजपा पर कुशासन का गंभीर आरोप लगाया।
कांग्रेस नेता तिवारी ने यह दावा कि भाजपा न तो हिंदुओं को पसंद करती है और न ही मुसलमानों को। उन्होंने कहाकि उसे केवल सत्ता या शासन पसंद है। अगर भाजपा असम में सत्ता में आती है तो जाति को नष्ट करने वाले नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को लागू करेगी, जिससे असम के लोगों के बीच वैमनस्यता बढ़ेगी और उनका जीवन यापन बेहद कठिन हो जाएगा।
उन्होंने कहाकि जिस तरह कांग्रेस के शासनकाल में गरीबों को गरीबी रेखा से ऊपर लाया गया था, उसी तरह भाजपा के सात साल के शासन काल में 27 करोड़ लोग गरीबी रेखा से नीचे चले गए हैं।
इस मौके पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता गौरव वल्लभ, एपीसीसी की मीडिया कमेटी की अध्यक्ष बबीता शर्मा के साथ ही अन्य कांग्रेसी नेता मौजूद थे।