Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

दिल्ली में मध्‍य प्रदेश भवन का मुख्यमंत्री श‍िवराज सिंह चाैहान ने किया लोकार्पण

176
Tour And Travels

भोपाल , 2फरवरी।दिल्ली के चाणक्यपुरी क्षेत्र में मध्य प्रदेश सरकार का सर्वसुविधायुक्त “मध्य प्रदेश भवन” तैयार हो गया है। इसका लोकार्पण मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य के सभी मंत्रियों, सांसदों और विधायकों की उपस्थिति में किया।

अपने संबोधन में सीएम ने कहा कि नई दिल्ली में नया मध्य प्रदेश भवन केवल भवन नहीं, यहां मध्य प्रदेश की जनता की भावनाएं और आकांक्षाएं हैं। इस भवन से हमें कर्तव्यों के निर्वहन में मदद मिलेगी। जिन मित्रों ने इस भवन के निर्माण में अपना सहयोग दिया है, उनको पुनः बधाई और शुभकामना देता हूं और मध्य प्रदेश की जनता को यह भवन समर्पित करता हूं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुराने भवन में एक-दो कमरे जोड़कर बढ़ाने की कोशिश की गई थी, उसमें जो कक्ष भी थे, उनमें अत्यंत सीमित स्थान था। इस बात की आवश्यकता थी कि काम की दृष्टि से एक नया मध्य प्रदेश भवन बने। यह भवन तैयार है और आज इसका लोकार्पण हुआ है। लोकार्पण कार्यक्रम में मध्य प्रदेश कैबिनेट मंत्री और अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं है। इस साल 19.76 प्रतिशत विकास दर है। हमारी जीएसडीपी 12 लाख करोड़ पार कर गई है। देश की जीडीपी में हमारा योगदान 4.3 प्रतिशत है। हम तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। यह नया मध्य प्रदेश भवन भी यही दर्शाता है।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मैं सुषमा दीदी (सुषमा स्वराज) को प्रणाम करना चाहूंगा, वो उस समय विदेश मंत्री थीं और यह भूखंड विदेश मंत्रालय के पास था। उनसे जब मैंने आग्रह किया, तो उन्होंने यह भूमि देने में देर नहीं की। मैं वेंकैया नायडू को भी प्रणाम करता हूं। नरेंद्र सिंह तोमर ने भी सहयोग किया। हमारा भवन आने वाले कई वर्षों की आवश्यकता को देखते हुए बनाया गया है। इसके निर्माण के लिए जितने भी लोगों ने सहयोग किया, उनको धन्यवाद देता हूं।

नया भवन आध्यामिक और सृष्टि की संपूर्णता का प्रतीक
मध्य प्रदेश भवन की विशेषता यह है कि इसके पास सारे कार्यालय हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने तय किया था कि इसमें 108 कमरे होना चाहिए। यह आध्यात्मिक परिपूर्णता का प्रतीक और सृष्टि की संपूर्णता का भी प्रतीक है। यह भवन केंद्र और राज्य के सहअस्तित्व की भावना को पूर्ण करेगा।