Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

झाड़ग्राम की लोक संस्कृति का प्रसार करना चाहती हैं माकपा उम्मीदवार मधुजा सेन रॉय

118
Tour And Travels

झाड़ग्राम, 24 मार्च (हि.स.)। झाड़ग्राम विधानसभा सीट से संयुक्त मोर्चा उम्मीदवार के तौर पर किस्मत आजमा रहीं माकपा की मधुजा सेन रॉय इस आदिवासी बहुल क्षेत्र की लोक संस्कृति का प्रसार करना चाहती हैं। मधुजा को टिकट देकर माकपा ने युवा पीढ़ी पर भरोसा जताया है।

राजनीतिक आंदोलन से उभर कर आईं मधुजा गत नौ मार्च को धर्मतला में आयोजित एसएफआई के प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार हुई थीं । उन्हें रात भर कोलकाता पुलिस के मुख्यालय लालबाजार में रखा गया था। अगले दिन उन्हें अदालत में पेश अलीपुर जेल ले जाया गया। वहां उन्हें कथित तुर पर निर्वस्त्र कर तलाशी लेने के आरोप लगे थे जिसे लेकर काफी हंगामा हुआ था। मधुजा की छवि एसएफआई की जुझारू नेता की रही है जो उन्हें टिकट दिलाने में सहायक सिद्ध हुआ है

4 जून 1983 को जन्मीं मधुजा ने अपने चुनावी अभियान के बारे में बात करते हुए हिन्दुस्थान समाचार को बताया, “मैं इस झाड़ग्राम शहर में पैदा हुई और पली बढ़ी।” रानी बिनोदमंजरी गवर्नमेंट हाई स्कूल उत्तीर्ण कर प्रेसीडेंसी कालेज में भर्ती हुईं। राजनीति विज्ञान में स्नातक करने के उपरांत कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल कर चुकीं मधुजा शुरू से ही छात्र आंदोलन से जुड़ी रही हैं।

क्या झाडग्राम में कुछ भी विकास नहीं हुआ? इसके उत्तर में मधुजा ने कहा, “नहीं, हुआ। कई अच्छी और बुरी चीजें हुई हैं। हालांकि, बहुत कुछ हो सकता था। सरकारी पहल के तहत कोई सांस्कृतिक चर्चा और मनोरंजन केंद्र नहीं हैं। हमें न केवल झाड़ग्राम की मिट्टी, संगीत, संस्कृति को बचाए रखना है बल्कि इसे सुधारने और विस्तार करने के लिए जीवित रखने की आवश्यकता है।

राज्य सरकार की तरफ से लोक कलाकारों को मासिक भत्ता दिये जाने के फैसले पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि केवल भत्ते के नाम पर भीख नहीं, कलाकारों को आवश्यक समर्थन के साथ काम पर अधिक ध्यान केंद्रित करने के लिए वातावरण बनाने की आवश्यकता है। मैं बचपन से झाडग्राम स्टेडियम देख रही हूं। स्टेडियम में सुधार किया गया है, लेकिन यहा खेल नहीं खेला जाता है। इसका उपयोग केवल प्रधान मंत्री और मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर उतारने के लिए किया जाता है। मैं वादा करती हूं, अगर हम जीतते हैं, तो इस स्टेडियम का उपयोग केवल खेलों के लिए किया जाएगा। ”

उन्होंने कहा कि अगर जनता ने मौका दिया तो स्वास्थ्य, शिक्षा में सुधार को महत्व देंगी । उन्होंने कहा” झाडग्राम महकमा अस्पताल जिला अस्पताल बन गया है। सिर्फ बाहरी रंग नहीं, मैं आंतरिक बुनियादी ढांचे के विकास पर ध्यान केंद्रित करूंगी। उप स्वास्थ्य केंद्रों की हालत ठीक नहीं है। अवसर मिलने पर इन्हें और प्रभावी बनाने की जरूरत है। अगर राज्य में संयुक्त मोर्चा की सरकार बनती है, तो झाडग्राम में एक विश्वविद्यालय, मेडिकल कॉलेज और इंजीनियरिंग कॉलेज का निर्माण किया जाएगा। ”
सिर्फ आश्वासन से काम नहीं होता, मधुजा इस सरल सत्य को जानती है। इसलिए घर-घर जाकर लोगों को समझाने की कोशिश कर रही हैं। पहले चरण में 27 मार्च को झाड़ग्राम में मतदान होना है।