Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

वायु सेना मार्शल अर्जन सिंह मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट के तीसरे संस्करण का आयोजन

251
Tour And Travels

वायु सेना मार्शल अर्जन सिंह मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट का तीसरा संस्करण 18 से 23 अप्रैल 2022 तक चंडीगढ़ के बेस रिपेयर डिपो (बीआरडी) नंबर 3 में आयोजित होगा। वायु सेना खेलकूद नियंत्रण बोर्ड (एएफएससीबी) वर्ष 2018 से इस टूर्नामेंट का आयोजन कर रहा है। 18 अप्रैल 2022 को उद्घाटन समारोह के दौरान वायु प्रभारी-अधिकारी प्रशासन मुख्य अतिथि होंगे, जबकि वायु सेना प्रमुख 23 अप्रैल 2022 को टूर्नामेंट के समापन समारोह की अध्यक्षता करेंगे।

इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के तीसरे संस्करण में भाग लेने के लिए रॉयल कैनेडियन, मलेशियाई, बांग्लादेश और श्रीलंका वायु सेना की हॉकी टीमों सहित भारत और विदेशों की 12 प्रतिष्ठित टीमों को आमंत्रित किया गया है।

वायु सेना मार्शल अर्जन सिंह का हॉकी के खेल के प्रति जुनून बेमिसाल था। वह न केवल युद्धों के दौरान बल्कि खेल के क्षेत्र में भी वायु सैनिकों के लिए प्रेरणास्रोत थे। वायु सेना मार्शल अर्जन सिंह के जन्म शताब्दी वर्ष 2019 में वायु सेना मार्शल अर्जन सिंह मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट के दूसरे संस्करण का सफल आयोजन किया गया था, जिसमें बांग्लादेश और श्रीलंका की वायु सेना हॉकी टीमों ने भी हिस्सा लिया था। इस टूर्नामेंट को एक अंतरराष्ट्रीय आयोजन के रूप में विस्तारित किया गया है। वर्ष 2019 में इंटीग्रेटेड कोच फैक्ट्री (चेन्नई) ने प्रतियोगिता को जीता था। 15 अप्रैल को वायु सेना मार्शल अर्जन सिंह की जयंती है।

भारतीय वायु सेना लगातार ऐसे एथलीटों को तैयार कर रही है, जिन्होंने विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व किया है और देश तथा वायु सेना के लिए ख्याति अर्जित की है।
Photo(2)S1CF Hindi News Website