Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

रांची में भारतीय जनता पार्टी के एक नेता अनिल टाइग की हत्या के विरोध में आज झारखंड बंद

30
Tour And Travels

रांची
रांची में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक नेता अनिल टाइग की हत्या के विरोध में गुरुवार को झारखंड बंद है। राजधानी में बंद का व्यापक असर देखने को मिल रहा है। कांके में बुधवार को दिनदहाड़े बाइक सवार दो अपराधियों ने भाजपा नेता और पूर्व जिला परिषद सदस्य अनिल महतो टाइगर की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात कांके थाना के पास शिव मंदिर परिसर स्थित एक होटल में उस समय हुई, जब वहां अकेले बैठे भाजपा नेता मोबाइल देख रहे थे। टाइगर पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य और ग्रामीण जिला महामंत्री पद पर थे। कांके महावीर मंडल के अध्यक्ष भी थे। उनका कोकर में चड्ढ़ा पेट्रोल पंप के पास भी आवास है। वे आजसू में भी रह चुके थे।

घटना के बाद कांके समेत रांची शहर के कई इलाकों में बवाल मच गया। आक्रोशित लोगों ने कांके ब्लॉक चौक और बूटी मोड़ चौक को बांस-बल्ली लगाकर जाम कर दिया। साथ ही सड़क पर टायर जलाकर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए। सूचना मिलने पर ग्रामीण एसपी सुमित अग्रवाल समेत कई पदाधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और समझा-बुझाकर देर शाम जाम हटवाया। पुलिस ने एक शूटर को गिरफ्तार किया है। पूछताछ हो रही है।
पीछे से सिर में मारी गोली

जानकारी के अनुसार, अनिल टाइगर होटल में एक युवक के साथ बातचीत कर रहे थे। वह युवक वहां 20-25 मिनट रहा। उसके जाने के बाद टाइगर अपना मोबाइल देखने लगे। इसी बीच वहां बाइक सवार दो अपराधी पहुंचे और पीछे से टाइगर के सिर में गोली मार दी और भाग गए। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। जमीन पर पड़े टाइगर को लोगों ने उठाया और आनन-फानन में रिम्स ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
आजसू में भी रह चुके थे अनिल

अनिल टाइगर लंबे समय से राजनीति में सक्रिय थे। भाजपा से पहले वे आजसू में थे और कई पदों की जिम्मेवारी निभा चुके थे। वहीं दो दिन पहले वे पांचवीं बार कांके महावीर मंडल के अध्यक्ष चुने गए थे। वरीय संरक्षक टीके सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को हुई बैठक में महावीर मंडल का पुनर्गठन किया गया था।
रांची में रास्ते बंद, सड़कों पर जल रहे टायर

अनिल टाइगर की हत्या के विरोध में भाजपा,स आजसू समेत विपक्षी दलों ने झारखंड बंद का आह्वान किया है। झारखंड बंद का रांची में व्यापक असर दिख रहा है। सुबह से ही रांची में बंद असर दिखने लगा। जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ता प्रदर्शन करते दिखे। कई जगह सड़कों पर टायर जलाए गए। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जगह जगह रास्ता बंद कर दिया गया है और नारेबाजी चल रही है। धुर्वा बस स्टैंड टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया गया। नेवारी विकास गोल चक्कर एनएच पूरी तरह जाम रहा। हरमू रोड, किशोरगंज चौक और रांची पिस्का मोड़ पर बंद समर्थकों ने दुकानों को बंद करवाया। रांची के अलावा अन्य शहरों में भी मिला जुला असर देखने को मिला।

भाजपा नेताओं को हिरासत में लिया गया

इस बीच पुलिस ने भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल समेत कई नेताओं को हिरासत में ले लिया है। सांसद दीपक प्रकाश के घर भी पहुंची थी रांची पुलिस, लेकिन संसद सत्र को लेकर सांसद दिल्ली में हैं।

रांची के अधिकतर स्कूल आज बंद

बंद को देख रांची के अधिकतर स्कूलों को बंद रखा गया है। हालांकि, जिन स्कूलों में 12वीं बोर्ड के परीक्षा केंद्र हैं, वहां परीक्षाएं हो रही हैं। शारदा ग्लोबल स्कूल, कैंब्रियन कांके रोड, चिरंजीवी ग्रुप, डीएवी नंदराज, मनन विद्या, सेंट जेवियर्स डोरंडा, गुरुनानक स्कूल, लेडी केसी राय मेमोरियल स्कूल समेत कई स्कूल बंद रहेंगे।

भाजपा के साथ किन संगठनों ने किया बंद का आह्वान
भाजपा नेता की हत्या के विरोध में भाजपा ने जहां गुरुवार को रांची बंद बुलाया है, वहीं कई संगठनों ने झारखंड बंद की घोषणा की है। भाजपा ने आम लोगों और व्यापारियों से रांची बंद का समर्थन करने की अपील की है। वहीं आजसू, जदयू और झारखंड लोकतांत्रिक एवं क्रांतिकारी मोर्चा( जेएलएकेम) ने भी बंद का आह्वान किया है। जेएलएकेम के वरीय उपाध्यक्ष देंवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि पार्टी ने गुरुवार को झारखंड बंद आहूत किया है।