Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

पटना में जल्द शुरू होगी पिंक बस, सुबह 6 से रात 9 बजे तक चलेंगी

48
Tour And Travels

पटना

अब पटना में महिलाएं बस चलाती हुई नजर आएँगी। पटना के बाद महिलाएं मुजफ्फरपुर, पूर्णिया और भागलपुर में बस चलाएंगी। क्यों कि बिहार में महिलाओं को सुरक्षित सड़क परिवहन की सुविधा प्रदान करने के लिए पिंक बस की सुविधा मुहैया कराई जा रही है। पहले चरण में पटना में पिंक बस चलेंगी। राज्य सरकार ने विधानमंडल में वित्तीय वर्ष 2025-26 का बजट प्रस्तुत किया, जिसमें इसकी घोषणा की गई थी। यह सेवा अप्रैल महीने में शुरू होने की संभावना है। बसों का रंग गुलाबी रखा गया है, ताकि सड़कों पर पिंक बस को दूर से ही पहचाना जा सके। पिंक बसों का परिचालन बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के द्वारा कराया जाएगा। निगम ने अब तक 20 सीएनजी मिनी बसों की खरीद कर ली है। जानकारी के मुताबिक पटना में 8 पिंक बस चलेगी, जबकि, भागलपुर, मुजफ्फरपुर और पूर्णिया में चार-चार बसें चलाई जाएंगी।

सुरक्षा का रखा गया ख्याल
 पिंक बस मुख्यरूप से महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है। इस बस की खासियत यह है कि इसमें चालक, कंडक्टर और डिपो मेंटेनेंसकर्मी सहित सभी कर्मी महिलाएं ही होंगी। यह मुख्या रूप से महिलाओं की सुरक्षा को देखते हुए किया गया है। एक और महत्वपूर्ण बात यह है कि आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी सीटों के नीचे एक पैनिक बटन है, जिसे दबाने से आपात स्थिति की सूचना पास के थाने या कंट्रोल रूम को मिल जाएगी।

सुबह 6 से रात 9 बजे तक चलेंगी पिंक बसें
पिंक बसें सुबह 6 बजे से रात नौ बजे तक चलेंगी। बसों का परिचालन शुरू होने के बाद ही इसका किराया तय किया जाएगा। राजधानी पटना में इसका रूट तय हो चुके हैं। फिलहाल ये तीन रूटों पर चलेंगी। इसमें पटना सिटी- दानापुर रूट, बाईपास-कंकड़बाग-राजेंद्रनगर-अनीसाबाद- फुलवारी रूट और बोरिंग रोड- पाटलिपुत्र- कुर्जी, दीघा रूट शामिल है। प्रत्येक पिंक बस में 22 सीटें होंगी। इन बसों में जीपीएस लगे होंगे, जिससे प्रत्येक बस की सटीक लोकेशन हमेशा मिलती रहेगी। किस रूट की बस किस समय कहां पर है इसकी पूरी जानकारी मिलती रहेगी। पिंक बस की हर सीट के नीचे पैनिक बटन होगा जिसका इस्तेमाल महिलाएं किसी भी तरह की परेशानी होने पर कर सकेंगी।